केंद्रीय बजट को आशावादी करार दिया भजन लाल शर्मा ने

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय बजट 2026-27 को देशवासियों की आशाओं और आकांक्षाओं पर खरा उतरने वाला बताया। वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने भी मुख्यमंत्री निवास पर बजट को सुना। बजट पेश होने के बाद सीएम ने बयान जारी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट युवा, महिला, किसान, गरीब, वंचित और आम आदमी के सशक्तिकरण को समर्पित है और तेज आर्थिक विकास और ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना को मजबूती प्रदान करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है। यह बजट देश को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। इस बजट के माध्यम से राजस्थान को भी विकास की मुख्यधारा में और अधिक मजबूती से जोड़ा गया है, जिससे राज्य के औद्योगिक, तकनीकी और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से प्रस्तुत बजट यह दर्शाता है कि देश 7 प्रतिशत की विकास दर के साथ ‘पाथ ब्रेकिंग रिफॉर्म एक्सप्रेस’ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह बजट न केवल आर्थिक स्थिरता का प्रतीक है, बल्कि नवाचार, निवेश और रोजगार सृजन के नए अवसर भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति को समर्पित इस बजट में रोजगार, कौशल विकास और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने वाले महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं. इससे युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिलेंगे और वे देश की प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभा सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। ‘शी मार्ट’ की घोषणा और हर जिले में एक बालिका छात्रावास की व्यवस्था महिलाओं और बालिकाओं के लिए ऐतिहासिक कदम है। इससे शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाए बिना विकसित भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता और यह बजट उसी दिशा में ठोस पहल करता है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हाल ही में राजस्थान सरकार की ओर से सेमीकंडक्टर नीति और डेटा सेंटर नीति लागू की गई है। केंद्रीय बजट में 40 हजार करोड़ रुपए के ‘इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0’ की शुरुआत से राजस्थान को बड़ा लाभ मिलेगा. इसी तरह डेटा सेंटर और क्लाउड सर्विसेज सेक्टर को दिए गए इंसेंटिव से राज्य में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि मेगा टेक्सटाइल पार्क, 200 इंडस्ट्रियल क्लस्टर्स और सोलर और माइनिंग सेक्टर से जुड़ी घोषणाएं राजस्थान के औद्योगिक विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी. इन योजनाओं से प्रदेश में निवेश बढ़ेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *