राजस्थान में देर रात बदले 25 जिला कलेक्टर, मुख्यमंत्री के सचिव भी बदले

जयपुर । राजस्थान सरकार ने देर रात नौकरशाही में बड़ा फेरबदल करते हुए 65 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। 25 जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं तो वहीं जोधपुर का संभागीय आयुक्त भी बदल गया है। वहीं, मुख्यमंत्री के सचिव, विशिष्ट सचिव और संयुक्त सचिव भी बदले गए हैं। जयपुर कलेक्टर जितेंद्र कुमार सोनी को अब मुख्यमंत्री का सचिव लगाया गया है। साथ ही जयपुर जिला कलेक्टर अब मुख्यमंत्री के विशिष्ट सचिव रहे संदेश नायक होंगे। सोनी को मुख्यमंत्री के सचिव के साथ ही सूचना जनसंपर्क विभाग के सचिव की भी जिम्मेदारी दी गई है।

तबादला सूची में चार आईएएस अधिकारियों को मुख्यमंत्री का ओएसडी लगाया गया है। तबादला सूची को लेकर पिछले कई दिनों से सरकार में उच्च स्तर पर मंथन चल रहा था। मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद कार्मिक विभाग ने देर रात तबादलों की सूची जारी की है। इसके अलावा उत्सव कौशल और अमित शर्मा मुख्यमंत्री के संयुक्त सचिव नियुक्त किए गए हैं। वहीं, चर्चित आईएएस टीना डाबी को बाड़मेर से हटाकर अब टोंक का कलेक्टर नियुक्त किया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *