अजमेर। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान में कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में जो बातें जिला अध्यक्षों को समझाई। उससे पहले ही उन्होंने गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली के लिए दो लाइन बोलकर कई नेताओं के अरमानों पर पानी भी फेर दिया। दरअसल अब तक दोनों नेताओं के सामंजस्य के साथ पार्टी जो भी कार्यक्रम कर रही है, उनकी सफलता को लेकर राहुल गांधी ने उनकी पीठ थपथपाई, तो बाकी नेताओं के चेहरे देखने लायक थे। कुल मिलाकर इसके जरिए राहुल गांधी बड़ा संदेश राजस्थान कांग्रेस में में छोड़ गए।
उधर पुष्कर में चल रहे कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन राहुल गांधी ने पार्टी के जिलाध्यक्षों को पार्टी की रीति-नीति, त्याग और बलिदान का इतिहास पढ़ाया। साथ ही राहुल गांधी ने जिलाध्यक्षों को नसीहत भी दी कि कांग्रेस में नेताओं की परिक्रमा करने से कुछ नहीं होगा, कांग्रेस तपस्या की पार्टी है। राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि हम तपस्या को महत्व देते हैं, पूजा को महत्व नहीं देते हैं।
राहुल गांधी ने क्रिकेटर विराट कोहली का उदाहरण देते हुए कहा कि कोहली ने क्रिकेट में तपस्या की है, जबकि जय शाह ने अपने पिता की पूजा की है, जय शाह भले ही आईसीसी के अध्यक्ष हो गए हों, लेकिन विराट कोहली तपस्या के कारण आज क्रिकेट में सबसे बड़ा नाम हैं और पूरी दुनिया में मशहूर हैं। कांग्रेस भी तपस्या में ही विश्वास करती है और जो मेहनत करने वाले और तपस्या करने वाले लोग हैं वो पूजा में भरोसा नहीं करते हैं।
राहुल गांधी ने पुष्कर के प्रशिक्षण शिविर में कहा कि “मैं जिला अध्यक्षों से कुछ उम्मीद भी रखता हूं,साथ ही मुझे भरोसा है कि जिलाध्यक्ष मेरी इन उम्मीदों पर खरा उतरेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि अगर कभी जिलाध्यक्षों के क्षेत्र में दलित, अल्पसंख्यक, गरीब या किसी पशु पर भी अन्याय हो, तो उन्हें जुल्म के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। धार्मिक हिंसा और जातीय हिंसा के खिलाफ भी विरोध कर दर्ज करना चाहिए।” राहुल गांधी ने कहा कि “मैं यह नहीं चाहता कि कांग्रेस के कार्यकर्ता टिकट के लिए किसी के हाथ जोड़े यह हमारा कल्चर भी नहीं है। आपको तपस्या करनी है और आगे बढ़ना है। परिक्रमा करने का कल्चर भाजपा का है, आप अगर तपस्या करोगे तो कांग्रेस पार्टी आपको आगे बढ़ाएगी।”
कांग्रेस की गुटबाजी को समझाने के लिए राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को एक कुर्सी पर खड़ा कर दिया और पांच अन्य जिलाध्यक्षों को बुलाकर कहा कि इनके हाथ, पैर जोड़ो और कुर्सी खींचे, इस पर कोई जिलाध्यक्ष डोटासरा की कुर्सी खींचने लगा तो कोई हाथ जोड़ने लगा, कोई टांग खींचने लगा, जिस पर राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में आज यही हो रहा है। खींचतान हो रही है। यही पार्टी के लिए सबसे बड़ी मुसीबत है। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस में सब अलग-अलग चलते हैं जरूरत आज सबको एकजुट होकर चलने की है, अगर एकजुट रहेंगे तो मजबूत रहेंगे।
राहुल गांधी ने अपने सेशन के दौरान विदेश नीति पर भी चर्चा की और कहा कि आज दुनिया में अमेरिका और चीन दो ही सुपर पावर है, चाइना पूरी दुनिया में मैन्युफैक्चरिंग करके उसका निर्यात करता है और उसी के चलते वो आज दूसरी महाशक्ति बन गया है, जबकि भारत इस मामले में बहुत पीछे है।
राहुल गांधी ने कहा कि हिंदू का शरीर भी पंचतत्व से बना है, मेरा शरीर भी पंचतत्व तत्व से बना है और एक मुसलमान का शरीर भी पंचतत्व से बना है तो फिर धर्म के आधार पर लोगों के साथ भेदभाव और नफरत क्यों हो रही है?, अगर आप धर्म और जाति के आधार पर किसी के साथ भेदभाव और नफरत करते हैं तो आप अपने ही धर्म का अपमान करते हैं।
राहुल गांधी कांग्रेस जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में 5 घंटे रहे वो सुबह 11 बजे शिविर में पहुंचे थे और शाम 5 बजे तक शिविर में रहे। प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन राहुल गांधी की मौजूदगी से कांग्रेस के जिला अध्यक्ष खासे उत्साहित नजर आए। राहुल गांधी ने अपने 2 घंटे के भाषण में जिलाध्यक्षों में जोश भरने का काम किया। इसके बाद शाम 5:30 बजे राहुल गांधी किशनगढ़ एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।