पीएम मोदी विपक्ष को दबाने के लिए “आतंकित” कर रहे हैं,उन्हें आतंकवादी नहीं कहा

चेन्नई। तमिलनाडु में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन चेन्नई में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए उन्हें ‘आतंकवादी’ कहा। खड़गे ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी विपक्ष को दबाने के लिए सरकारी मशीनरी और केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करके राजनीतिक दलों और लोगों को “आतंकित” कर रहे हैं।

हालांकि, जब पत्रकारों ने उन्हें टोका, तो कांग्रेस अध्यक्ष ने सफाई देते हुए कहा कि उनका मतलब था कि प्रधानमंत्री देश के लोकतांत्रिक ताने-बाने को “आतंकित” कर रहे हैं। खड़गे ने कहा, “वह लोगों और राजनीतिक पार्टियों को डरा रहे हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि वह आतंकवादी हैं। वह अपनी शक्ति और सरकारी मशीनरी का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं और विपक्षी पार्टियों को गाली दे रहे हैं, बदनाम कर रहे हैं।
खड़गे ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग “बीजेपी ऑफिस का विस्तार” बन गया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पर चुनाव प्रचार अभियान के आखिरी चरण में आदर्श चुनाव आचार संहिता तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि CBI, ED और आयकर विभाग जैसी केंद्रीय एजेंसियों को राजनीतिक लोगों को डराने-धमकाने के हथियार के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है।
खड़गे ने संविधान संशोधन बिल को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा और प्रधानमंत्री मोदी पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। खड़गे ने कहा कि पीएम मोदी दावा कर रहे हैं कि विपक्ष ने महिला आरक्षण बिल को पारित नहीं होने दिया, जबकि यह बिल 2023 में सभी की सहमति से पास हुआ था। खड़गे ने कहा, “अगर वह सच में इसे लागू करना चाहते हैं, तो वह मौजूदा 543 लोकसभा सीटों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दे सकते हैं। वह ऐसा क्यों नहीं कर रहे हैं ?

उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार की परिसीमन योजना प्रगतिशील राज्यों, खासकर दक्षिण भारत के राज्यों को जनसंख्या नियंत्रण में उनकी सफलता के लिए सजा देगी। उन्होंने कहा, “उनका इरादा दक्षिण भारतीय राज्यों, उत्तर पूर्वी राज्यों और प्रगतिशील राज्यों के लोकतांत्रिक अधिकारों को नकारना था। मोदी और शाह इन राज्यों को उनकी तरक्की के लिए सजा देना चाहते हैं।

DMK-कांग्रेस गठबंधन की मजबूती को दोहराते हुए, खड़गे ने राहुल गांधी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बीच अनबन की खबरों को खारिज किया और दोनों को “भाई जैसा” बताया। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने चुनाव आयोग की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि वह प्रधानमंत्री के “आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन” पर ध्यान न देकर “बीजेपी ऑफिस के विस्तार की तरह काम कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *