महिलाओं को आरक्षण देना भाजपा के लिए राजनीतिक मुद्दा नहीं

जयपुर। नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम संसद में पारित न हो पाने के बाद भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए इसे महिलाओं के अधिकारों में बाधा डालने वाला कदम बता रही है। जयपुर में प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल ने कहा कि विपक्ष को परिवारवाद से ग्रस्त है। ये पार्टियां केवल अपने निजी स्वार्थों के लिए एकजुट हुई हैं। देश की नारी शक्ति इसका जवाब देगी। प्रदेश के मंत्रिमंडल में महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व मिलेगा।

राधामोहन ने कहा कि राजस्थान की राजनीतिक और सामाजिक संरचना में महिलाओं की भूमिका ऐतिहासिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने नारायणी देवी वर्मा, जानकी देवी बजाज, हाड़ी रानी कर्मावती, रानी पद्मावती, पन्ना धाय और अमृता देवी बिश्नोई का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महिलाओं ने अपने-अपने समय में समाज और राज्य के लिए असाधारण योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को शीघ्र आरक्षण देने के उद्देश्य से नारी शक्ति वंदन संशोधन बिल लेकर आए, तब कांग्रेस ने इसमें अड़चनें पैदा की। अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि महिलाओं को आरक्षण देना भाजपा के लिए केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि एक सैद्धांतिक प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि देश के समग्र विकास की कल्पना महिलाओं की भागीदारी के बिना संभव नहीं है। भाजपा इसे हर हाल में लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।

अग्रवाल ने कहा कि भाजपा ने राज्य को वसुंधरा राजे के रूप में एक प्रभावी मुख्यमंत्री दिया। साथ ही वर्तमान समय में महिलाओं को नेतृत्व में आगे बढ़ाते हुए पार्टी ने दीया कुमारी को उपमुख्यमंत्री बनाया है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में भाजपा ने सुषमा स्वराज को मुख्यमंत्री बनाया था और उत्तर प्रदेश में मायावती को तीन बार समर्थन दिया। वसुंधरा राजे से जुड़े एक कथित नकली पत्र के मामले पर अग्रवाल ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि जिसने भी यह फर्जीवाड़ा किया है, उसे चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक स्तर पर भी इस मामले की जांच जारी है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *