नई दिल्ली । वेनेजुएला और जापान में धरती काँपने के बाद अफगानिस्तान से भारत तक आज धरती हिली। शनिवार की शाम 6.2 तीव्रता का भूकंप आया। इसकी वजह से जम्मू कश्मीर के अलावा दिल्ली-एनसीआर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि भूकंप के कारण फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
भूकंप अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में शाम 6 बजकर 4 मिनट पर आया। नेशनल जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के अनुसार भूकंप का केंद्र पूर्वोत्तर अफगानिस्तान में कालाफगान से करीब 81 किलोमीटर दूर, 36.442° उत्तरी अक्षांश और 70.672° पूर्वी देशांतर पर और धरती की सतह से 215 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।
भूकंप का केंद्र धरती की सतह से अत्यधिक गहराई में होने की वजह से इसके झटके पाकिस्तान, भारत के उत्तरी हिस्से, चीन, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, किर्गिस्तान और तुर्कमेनिस्तान समेत कई देशों में महसूस किए गए।
विशेषज्ञों के मुताबिक धरती की सतह से अधिक गहराई में आने वाले भूकंप के झटके व्यापक इलाके में महसूस होते हैं, लेकिन इसमें नुकसान अपेक्षाकृत कम होने की संभावना रहती है। जम्मू-कश्मीर में भी भूकंप के तेज झटके महसूस होने से लोग घबराकर घरों से बाहर सड़कों और खुली जगहों की ओर भागे। जम्मू-कश्मीर भी भूकंप के लिहाज से काफी संवेदनशील माना जाता है और यहां समय-समय पर हल्के से लेकर मध्यम तीव्रता के भूकंपीय झटके महसूस होते रहते हैं।