जयपुर की सड़कों पर उतरी कांग्रेस,पेपरलीक पर संग्राम
जयपुर। जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील शर्मा के नेतृत्व में संजय सर्किल, चांदपोल बाहर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा एनटीए चेयरमैन का शहर के कांग्रेसजनों द्वारा पुतला दहन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि “यह दुनिया में पहली बार हुआ है कि लगभग तेइस लाख बच्चों के भविष्य के साथ इस प्रकार का खिलवाड़ किया गया है। जब राजस्थान में 135 प्रश्नों का पीडीएफ पिछले एक महीने से घूम रहा था, तब राजस्थान की एसओजी, सीआईडी और इंटेलिजेंस एजेंसियाँ क्या कर रही थीं? हक़ीक़त यह है कि पैसों के लालच में केंद्रीय शिक्षा मंत्री और एनटीए चेयरमैन ने कोचिंग माफिया से साँठगाँठ कर पेपर बेचे हैं।”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि “यह डबल इंजन सरकार की पूरी विफलता है। पर्ची सरकार से इससे अधिक उम्मीद भी नहीं की जा सकती।”
रफ़ीक़ ख़ान ने कहा कि “पेपर लीक के इस मामले में राजस्थान भाजपा के बड़े पदाधिकारी संलिप्त हैं और इसकी उच्च स्तरीय जाँच होनी चाहिए।”
कार्यक्रम में पूर्व विधायक गंगा देवी, पूर्व अध्यक्ष आर.आर. तिवाड़ी, जिला प्रभारी रघुवीर सिंह राठौड़, पार्टी प्रत्याशी रहीं अर्चना शर्मा सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद थे।