जयपुर। आज से देशभर में दो चरणों में होने वाली जनगणना 2027 की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान के तहत नागरिकों को पहली बार स्व-गणना की सुविधा प्रदान की गई है, जिससे वे स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी दिखाते हुए आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर अपनी जानकारी भरकर फॉर्म सब्मिट किया।
जनगणना की प्रक्रिया दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण में 1 मई से 15 मई 2026 तक नागरिक ‘स्व-गणना’ के माध्यम से अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद दूसरे चरण में 16 मई से 14 जून 2026 तक जनगणना कर्मी घर-घर जाकर मकानों और परिवारों की गणना करेंगे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर नागरिकों से अपील की कि वे इस महाअभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और सही व पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं. जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं का आधार है। सटीक डेटा के माध्यम से सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं की बेहतर योजना बना सकती है।
जनगणना 2027 के तहत इस बार डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सरल बन सके। सरकार का लक्ष्य हर नागरिक तक पहुंचकर समावेशी और सटीक आंकड़े जुटाना है, जिससे देश के विकास को नई दिशा मिल सके। मुख्यमंत्री ने बताया कि राजस्थान क्षेत्रफल के लिहाज से देश का सबसे बड़ा राज्य है, इसलिए जनगणना कर्मियों को दूर-दराज के इलाकों तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जब ये कर्मी घर-घर आएं, तो उनका सम्मानपूर्वक स्वागत करें और सही जानकारी देकर सहयोग करें।