ढाका। बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार को अपदस्थ करने के बाद पहली बार गुरुवार को यहां चुनाव संपन्न हुए। यहां की जनता ने जमकर वोट डाला। ताजा जानाकारी के मुताबिक पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान की पार्टी बीएनपी को पूर्ण बहुमत मिल गया है। वहीं, जमात-ए-इस्लामी को झटका लगा है. बता दें, अवामी लीग पार्टी ने इस चुनाव में हिस्सा नहीं लिया था। बांग्लादेशी मीडिया के मुताबिक तारिक रहमान की बीएनपी को दो-तिहाई बहुमत मिल चुका है. वहीं, जमात-ए-इस्लामी पार्टी का प्रदर्शन बेहद बुरा रहा। तारिक रहमान ने दोनों सीटों से चुनाव लड़ा था और वे दोनों सीटों पर विजयी रहे। बीएनपी ने 299 सीटों में से 209 पर कब्जा कर लिया है। वहीं, जमात-ए-इस्लामी और उसके सहयोगी दलों को मात्र 70 सीटों पर संतोष करना पड़ा है। गुरुवार को हुए मतदान का प्रतिशत 47.91 रहा।
बांग्लादेश चुनाव 2026 में बीएनपी की बंपर जीत पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी तारिक रहमान को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि कांग्रेस पार्टी की तरफ से मैं तारिक रहमान और बीएनपी को चुनाव में जीत मिलने पर बधाई देता हूं।
बांग्लादेश में अमेरिकी एम्बेसडर ब्रेंट टी क्रिस्टेंसन ने ट्वीट करते हुए पोस्ट लिखा कि बांग्लादेश के लोगों को सफल चुनाव के लिए और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी और तारिक रहमान को आपकी ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई। यूनाइटेड स्टेट्स आपके साथ मिलकर दोनों देशों की खुशहाली और सुरक्षा के साझा लक्ष्यों को पूरा करने के लिए उत्सुक है।
बांग्लादेश में बीएनपी को पूर्ण बहुमत,तारिक बनेंगे प्रधानमंत्री