जयपुर। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में क्रिकेट कम ,कबड्डी और फुटबॉल ज्यादा हो रहा है। स्थिति यह है कि ढाई साल से ज्यादा हो गए, लेकिन चुनाव तो दूर सरकार ऐडहोक कमेटी ऐडहोक कमेटी खेल रही है, लेकिन अब हाईकोर्ट ने ऐडहोक कमेटी को भंग करते हुए खुद ने वरिष्ठ आईएएस को प्रशासक नियुक्त करके सहकारिता विभाग से जवाब मांगा है।
राजस्थान हाईकोर्ट ने इस मामले में बड़ा आदेश देते हुए आरसीए एडहॉक कमेटी को काम करने से रोक दिया है और आईएएस भास्कर ए सावंत को आरसीए का नया प्रशासक नियुक्त किया है। इसके साथ ही अदालत ने सहकारिता रजिस्ट्रार से पूछा है कि क्यों ना उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई अमल में लाई जाए। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा की खंडपीठ ने यह आदेश राजीव प्रताप सिंह की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए दिए।
याचिका में अधिवक्ता अश्विनी जेमन और अधिवक्ता पीयूष नाग ने बताया कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव 3 माह में कराने के लिए मार्च 2024 में एडहॉक कमेटी का गठन किया था। कमेटी गठन के बाद समय-समय पर उसका कार्यकाल बढ़ाया गया, लेकिन अभी तक कमेटी ने एसोसिएशन के चुनाव नहीं कराए गए, जिसके चलते एसोसिएशन की लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
याचिका में कहा गया कि हाल ही में एक बार फिर से एडहॉक कमेटी का कार्यकाल बढ़ाया गया है, लेकिन कमेटी ने अभी तक चुनाव कराने की घोषणा नहीं की है। याचिका में आरोप लगाया गया की एडहॉक कमेटी सिर्फ जिला क्रिकेट संघों के खिलाफ कार्रवाई करने का काम ही कर रही है। ऐसे में कमेटी को भंग कर एसोसिएशन के चुनाव कराने के निर्देश दिए जाएं, जिस पर सुनवाई करते हुए खंडपीठ ने एडहॉक कमेटी को काम करने से रोकते हुए भास्कर ए सावंत को प्रशासक नियुक्ति कर सहकारिता रजिस्ट्रार से जवाब तलब किया है।
हाल ही में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की एडहॉक कमेटी का कार्यकाल एक बार फिर तीन महीने के लिए बढ़ा दिया गया था। सहकारी समितियां राजस्थान के रजिस्ट्रार डॉ. समित शर्मा ने राजस्थान खेल (संघों का पंजीकरण, मान्यता एवं विनियमन) अधिनियम 2005 की धारा 24(1)(क) के तहत यह आदेश जारी किया था। आदेश के अनुसार, एडहॉक कमेटी का कार्यकाल 27 जून 2026 को समाप्त हो रहा था।
राज्य सरकार ने 28 मार्च 2024 को RCA की कार्यकारिणी के चुनाव कराने के उद्देश्य से तीन महीने के लिए एडहॉक कमेटी का गठन किया था। हालांकि, तय समय सीमा में चुनाव नहीं हो सके. इसके बाद लगातार 29 जून 2024, 28 सितंबर 2024, 26 दिसंबर 2024, 27 मार्च 2025, 27 जून 2025, 26 सितंबर 2025, 26 दिसंबर 2025 और 28 मार्च 2026 को कमेटी का कार्यकाल तीन-तीन महीने के लिए बढ़ाया जाता रहा।
मामले को लेकर याचिकर्ता के वकील पीयूष नाग ने बताया कि कोर्ट ने राजस्थान क्रिकेट संघ में प्रशासक नियुक्त किया है और निर्देश दिए हैं कि तीन महीने के अंदर चुनाव करवाए जाएं और जुलाई के अंतिम माह तक चुनावी रूप रेखा तैयार की जाए। एडवोकेट ने बताया कि कोर्ट ने सहकारिता विभाग के रजिस्ट्रार से से जवाब मांगा है कि आख़िर एडहॉक कमेटी का कार्यकाल क्यों बढ़ाया गया। पूरे मामले को लेकर भरतपुर जिला क्रिकेट संघ के सचिव शत्रुघ्न तिवाड़ी ने कहा कि मौजूदा एडहॉक कमेटी के सदस्य अपने पावर का गलत उपयोग कर रहे थे।