जयपुर। 9 अगस्त क्रांति दिवस पर जयपुर में कांग्रेस सेवादल की तिरंगा यात्रा के दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज देश में ऐसे लोग भी देशभक्ति की बात कर रहे हैं, जिनका स्वतंत्रता आंदोलन में कोई योगदान नहीं रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस ने 50 साल तक अपने कार्यालयों में तिरंगा नहीं फहराया और आज तिरंगे के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस सेवादल और कांग्रेस हमेशा से तिरंगे का सम्मान करती आई है और आगे भी करती रहेगी
राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि ‘भारत छोड़ो’ और ‘करो या मरो’ जैसे नारों के साथ देश की आजादी की लड़ाई को निर्णायक मोड़ देने वाले अगस्त क्रांति दिवस का भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में ऐतिहासिक महत्व है। इसी दिन स्वतंत्रता सेनानियों ने अंग्रेजों के खिलाफ निर्णायक संघर्ष का संकल्प लिया और अगले ही दिन देश के बड़े नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया था। जूली ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व में देश की आजादी की लड़ाई लड़ी गई और आजादी के बाद देश को यहां तक पहुंचाने में कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कांग्रेस ने देश को संविधान और लोकतंत्र दिया, जिसके कारण जाति, धर्म, संप्रदाय, अमीर-गरीब, महिला-पुरुष सभी को समानता और अधिकार मिले।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राहुल गांधी कहते हैं कि मेरा धर्म तिरंगा है। आज कांग्रेस नेता छात्रों और युवाओं के साथ खड़े हैं तथा देश में बन रहे हालात में लोकतंत्र और तिरंगे को मजबूत करने की जरूरत है। जूली ने आरोप लगाया कि देश में लोकतंत्र पर खतरा मंडरा रहा है। युवाओं तथा छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। लोकतंत्र को बचाने के लिए जनता को मजबूती से अपनी आवाज उठानी होगी।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार को सदन की बैठकें ज्यादा समय तक चलानी चाहिए, ताकि प्रदेश की जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हो सके। सरकार विधानसभा में चर्चा से बचना चाहती है, लेकिन विपक्ष जनता के मुद्दों से पीछे हटने वाला नहीं है। जूली ने सवाल उठाया कि प्रदेश में स्कूलों की इमारतों की हालत खराब है। अस्पतालों की स्थिति चिंताजनक है और स्वास्थ्य योजनाएं कमजोर पड़ रही हैं, तो क्या इन विषयों पर विधानसभा में चर्चा नहीं होनी चाहिए? चिरंजीवी और आरजीएचएस जैसी योजनाओं की स्थिति, प्रदेश में बढ़ता नशा, भ्रष्टाचार, युवाओं का रोजगार, किसानों को समय पर समर्थन मूल्य नहीं मिलना और कर्मचारियों की समस्याएं,ये सभी जनता से जुड़े गंभीर मुद्दे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार को सदन से भागने के बजाय विपक्ष के सवालों का जवाब देना चाहिए।
जूली ने कहा कि अब प्रदेश और देश का युवा मुद्दों पर बात करना चाहता है,लेकिन भाजपा जाति और धर्म के नाम पर लोगों को गुमराह करना चाहती है। उन्होंने कहा कि मंदिर-मस्जिद, हिंदू-मुस्लिम और जातियों के बीच विवाद जैसे मुद्दों के जरिए जनता को असली सवालों से भटकाने की कोशिश की जा रही है। जनता अब समझ चुकी है कि उसे रोजगार, महंगाई, किसानों की आय, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास जैसे मुद्दों पर जवाब चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुराने चुनावी वादों का जिक्र करते हुए रोजगार और किसानों की आय के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा।
जूली ने कहा कि जब संसद चल रही हो तो सरकार के मंत्रियों को सदन में मौजूद रहकर जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की संसद में मौजूदगी और सदन की कार्यवाही में भागीदारी को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और कथित गोलीबारी का मुद्दा उठाते कहा कि सरकार बताएं कि पैलेट गन और एक-47 चलाने के आदेश किसने दिए थे। सरकार को सदन में जवाब देना चाहिए।
इससे पहले कांग्रेस सेवादल की तिरंगा यात्रा पीसीसी मुख्यालय से रवाना होकर एम आई रोड़ पर शहीद स्मारक तक पहुंची, जहां नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील शर्मा , विधायक रफीक खान, कांग्रेस नेता अर्चना शर्मा, पुष्पेंद्र भारद्वाज, सेवादल के प्रदेशाध्यक्ष हेम सिंह शेखावत भी मौजूद रहे।