जयपुर। राजधानी जयपुर में जब लोग मतदान के लिए उत्साह के साथ जा रहे थे उसे दौरान करधनी थाना क्षेत्र में ऐसी घटना सामने आई कि सबके पांव वहीं के वहीं रुक गए जहां एक पति ने अपनी पत्नी और तीन बच्चियों की हत्या कर जे वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पति फरार है।
वारदात उस समय कारित की गई, जब पूरा परिवार सो रहा था। पुलिस के अनुसार रात के समय जब पत्नी गीता (40) और तीनों बेटियां – नंदिनी, गिरीशा और राधिका (उम्र 17 से 23 वर्ष) गहरी नींद में थीं, तब पति राहुल झा ने हैवानियत दिखाते हुए पास ही पड़ी निर्माण कार्य वाली भारी ईंट उठाकर एक-एक करके चारों के सिर पर वार करने शुरू कर दिए। वार इतनी ताकत से किए गए, कि कमरे की दीवारें और फर्श खून के छींटों से लाल हो गए। चीखने-चिल्लाने तक का मौका किसी को नहीं मिला और चारों ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।
घटना का खुलासा शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हुआ, जब घर से कोई हलचल न होने पर आसपास के लोगों और रिश्तेदारों को शक हुआ। सूचना मिलते ही करधनी थाना पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। अंदर का नजारा देखकर पुलिसकर्मियों की भी रूह कांप गई। एक ही कमरे में पत्नी और तीन बेटियों की खून से सनी लाशें पड़ी हुई थीं। घर में केवल राहुल झा के 85 वर्षीय वृद्ध पिता मौजूद थे, जो इस भयावह मंजर से बदहवास स्थिति में थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राहुल झा मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) और डॉग स्क्वायड की टीमों को तुरंत मौके पर पहुँची। एफएसएल टीम ने खून के नमूनों, ईंट पर उंगलियों के निशान और घटना स्थल से अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। वारदात की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई, जिसके बाद गोविंदपुरा में आरोपी के मकान के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हर कोई इस दर्दनाक और सनसनीखेज हत्याकांड को सुनकर सन्न था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस जघन्य हत्याकांड के पीछे गहरा पारिवारिक विवाद और कलह वजह हो सकती है। हालांकि, कत्ल की असली वजह क्या थी, यह आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही साफ हो पाएगा।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर आरोपी राहुल झा की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। शहर के सभी नाकों और सीमाओं पर सख्त नाकाबंदी कर दी गई है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। एक ही झटके में चार जिंदगियों को बेरहमी से लीलने वाले इस नरसंहार ने जयपुर को स्तब्ध कर दिया है।