चेन्नई। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव परिणाम के पहले तमाम एग्जिट पोल और पूर्व अनुमानों को पलटते हुए तमिलनाडु के मतदाताओं ने बड़ा उलटफेर कर दिया। वहां अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) रुझानों में सबसे आगे निकल गई है। टीवीके ने सत्तारूढ़ डीएमके और एआईएडीएमके को पीछे छोड़ दिया है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन कोलाथुर सीट से हार गए हैं। टीवीके उम्मीदवार वीएस बाबू ने स्टालिन को करीब 9 हजार मतों से हराया।
चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, टीवीके 107 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। सत्तारूढ़ डीएमके 59 सीट, एआईएडीएमके 47 सीट, कांग्रेस 5, पीएमके चार, सीपीआई तीन और आईयूएमएल, वीसीके, बीजेपी दो-दो सीटों पर आगे हैं।
चेपॉक थिरुवल्लिकेनी से उदयनिधि स्टालिन आगे
DMK उम्मीदवार और मौजूदा विधायक उदयनिधि स्टालिन चेपॉक थिरुवल्लिकेनी चुनाव क्षेत्र में आगे हो गए हैं। 17 में से 13 राउंड की मतगणना के बाद उदयनिधि 9,881 मतों के अंतर से आगे हैं. उन्हें 51,543 वोट मिले हैं, जबकि TVK उम्मीदवार सेल्वम डी 41,662 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर चल रहे हैं.
तमिलनाडु में चुनाव परिणामों के रुझान एग्जिट पोल के आंकड़ों से उलट हैं,क्योंकि ज्यादातर एग्जिट पोल में डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन को आगे दिखाया गया था। जबकि टीवीके को बहुत कम आंका गया था.
हालांकि, एक्सिस माय इंडिया ने अपने एग्जिट पोल में TVK को आगे दिखा गया था. एग्जिट पोल में विजय की पार्टी TVK को 98-120 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया था. जबकि DMK गठबंधन को 92-100 सीटें और AIADMK गठबंधन को 22-32 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की गई थी।