अलवर। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 92.5/900 पर तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी में सवार तीन युवकों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
गोविंदगढ़ थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश नंबर की यह पिकअप दिल्ली की तरफ से राजगढ़ जा रही थी। गाड़ी में कुल 5 लोग सवार थे। सभी युवक पेशेवर रूप से पेड़ लगाने का कार्य करते थे और घटना के वक्त भी वे राजगढ़ क्षेत्र में पौधारोपण के काम के सिलसिले में ही जा रहे थे। इसी दौरान चैनल नंबर 92.5/900 के पास पिकअप का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से जा टकराई।
थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दी गई। घटना की सूचना पर थाना पुलिस व एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर गोविंदगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। थाना अधिकारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में दो युवक गंभीर घायल हुए है, जिनका इलाज भी गोविंदगढ़ अस्पताल में जारी हैं। थानाधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान शादाब, शबाहत और अफजल के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के मवाना क्षेत्र के रहने वाले थे। परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सुपुर्द किए जाएंगे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।