खैरथल तिजारा। जिले में एक शादी का माहौल अचानक मातम में बदल गया, जब शादी से एक दिन पहले अचानक हल्दी की रस्म के दौरान दुल्हन की तबीयत बिगड़ी और उसके बाद अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार बुधवार को युवती शादी होनी थी, लेकिन उस दिन युवती की अर्थी घर से निकली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है।
स्थानीय खैरथल थाना के हेड कांस्टेबल स्वयं प्रकाश शर्मा ने बताया कि मृतका का नाम लक्ष्मी है। उन्हें सूचना मिलती कि एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। घटना की सूचना पर वह पोस्टमार्टम कार्रवाई के लिए अलवर जिला अस्पताल पहुंचे। उन्हें बताया गया कि युवती की शादी बुधवार को होनी थी, उसकी रस्में में चल रही थी। इस दौरान अचानक लक्ष्मी बेहोश हो गई। उसके बाद परिजन उसे पहले खैरथल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अलवर रैफर कर दिया। अलवर जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच कर युवती को मृत घोषित कर दिया। शव को पहले जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया और उसके बाद पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। रिपोर्ट के आधार पर जांच की जाएगी।
हेड कांस्टेबल ने बताया कि घटना के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा। हालांकि परिजनों का कहना है कि मौत हार्ट अटैक की वजह से हो सकती है। मृतक युवती को हल्दी की रस्म के दौरान अचानक घबराहट महसूस हुई। उसके बाद उसे उल्टी हुई। परिजनों ने आराम करने की सलाह दी, लेकिन वह अचेत हो गई। उसके बाद अस्पताल ले जाया गया।