नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म के विरोध में कांग्रेस का पैदल मार्च
जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अभाव अभियोग प्रकोष्ठ ने आज श्री गंगानगर में 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ 32 आरोपियों द्वारा किए गए जघन्य सामूहिक दुष्कर्म के विरोध में PCC मुख्यालय से BJP कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला।
प्रदेश अध्यक्ष योगीता पंकज शर्मा के नेतृत्व में निकाले गए इस पैदल मार्च में प्रदेश भर से आए अभाव अभियोग प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों के साथ-साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी भाग लिया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं पीसीसी उपाध्यक्ष नसीम अख्तर इंसाफ़, पीसीसी संगठन महासचिव ललित तूनवाल, कांग्रेस सेवादल प्रदेशाध्यक्ष हेम सिंह शेखावत, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता प्रदेशाध्यक्ष विक्रम स्वामी, पीसीसी महासचिव अंजना मेघवाल, पीसीसी समन्वयक पंकज दाधीच सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष योगीता पंकज शर्मा ने राजस्थान सरकार और BJP से 3 प्रमुख मांगें रखी। जिनमें दोषियों को 90 दिन के अंदर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से सजाए-मौत दी जाए।
पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा और एक सरकारी नौकरी दी जाए। तथा महिलाओं की सुरक्षा के लिए कड़े से कड़े कानून बनाए जाएं ताकि प्रदेश की बेटियां सुरक्षित महसूस कर सकें।
अभाव अभियोग प्रकोष्ठ का मानना है कि जब तक महिलाओं को सुरक्षा नहीं मिलेगी, तब तक प्रदेश का विकास अधूरा है। सरकार की नाकामी के कारण आज बेटियां असुरक्षित हैं। कांग्रेस पार्टी पीड़िता के साथ खड़ी है और जब तक न्याय नहीं मिलता, हमारा संघर्ष जारी रहेगा।