सेप्टिक टैंक खोदते समय मिट्टी ढही,एक मजदूर की मौत

अजमेर। अजमेर जिले के पुष्कर के नजदीक स्थित तिलोरा गांव में गुरुवार को सेप्टिक टैंक के लिए गड्ढा खोदने के दौरान दबने से एक श्रमिक की मौत हो गई और अन्य घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचित किया। मौके पर तत्काल बचाव कार्य शुरू कर दिया गया और SDRF की टीम भी पहुंच गई।

तिलोरा के पास सरदार सिंह की ढाणी में कालू राम के घर के बाहर सेप्टिक टैंक निर्माण के लिए गड्ढा खोदा जा रहा था। लगभग आठ फीट गहरे गड्ढे में काम कर रहे मजदूर अचानक मिट्टी के ढहने से दब गए। घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत मदद के लिए पहुंचकर कुछ मजदूरों को बाहर निकाल लिया। हालांकि, एक मजदूर गहरे गड्ढे में पूरी तरह दबा रह गया।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एंबुलेंस और SDRF की टीम मौके पर पहुंच गई। जेसीबी की सहायता से मिट्टी हटाई गई और SDRF कर्मियों ने दबे हुए श्रमिक को बाहर निकाला। उसे तत्काल 108 एंबुलेंस से पुष्कर के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुष्कर तहसीलदार इंद्रजीत सिंह चौहान ने बताया कि मृतक नागौर जिले के डेगाना थाना क्षेत्र के खानपुरा गांव का रहने वाला बीरबल था। उन्होंने कहा कि शासन के नियमों के अनुसार मृतक के परिवार को सहायता राशि के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।

एसडीएम गुरु प्रसाद ने बताया कि तिलोरा के निकट सरदार सिंह की ढाणी में कालूराम के मकान पर सेप्टिक टैंक के गड्ढे में काम करते समय तीन-चार मजदूर मिट्टी के नीचे दब गए। ग्रामीणों ने अन्य मजदूरों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन बीरबल गड्ढे में फंसा रह गया. बाद में रेस्क्यू टीम ने उसे बाहर निकाला। मृतक के परिवारीजनों को सूचना दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *