अलवर। यहां के अरावली विहार थाना क्षेत्र स्थित रामकृपाल नगर में मंगलवार देर रात एक नाबालिग ने अपने पिता की धारदार हथियार से वारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौके से शव बरामद करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार को कब्जे में लिया। थाना पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
अरावली विहार थाना अधिकारी के अनुसार मंगलवार देर रात करीब 11:30 बजे थाने पर सूचना मिली कि रामकृपाल नगर के एक मकान में एक व्यक्ति की गला काटकर हत्या कर दी गई। इस सूचना पर जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी जुटाई। घटनास्थल पर एक कमरे में बेड पर व्यक्ति का शव मिला। वहीं, पास में ही खून से सने धारदार हथियार मिले। मृतक की पहचान रोहतास के रूप में हुई है, जिसके शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
थाना अधिकारी रामेश्वर लाल ने बताया कि मृतका के परिजनों की ओर से रिपोर्ट दी गई है कि घटना से पहले मृतक का 17 वर्षीय नाबालिग बेटा घटनास्थल के पास देखा गया था। इस पर पुलिस ने नाबालिग बेटे को डिटेन कर पूछताछ शुरू की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक गत चार दिनों से शराब के नशे में था।
माना जा रहा है कि घटना के दौरान दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई हो, जिसके बाद नाबालिग बेटे ने पिता की हत्या कर दी। मृतक रिक्शा चलाने का कार्य करता था। घटना के समय मृतक की पत्नी किसी समारोह में गई हुई थी। उन्होंने बताया कि प्रकरण में अनुसंधान किया जा रहा है।