बीकानेरी भुजिया को वैश्विक पहचान दिलाने वाले ‘फन्ना बाबू ‘ नहीं रहे

 

बीकानेर। देश विदेश में बीकानेरी भुजिया को पहचान दिलाने वालेबीकाजी फूड्स इंटरनेशनल लिमिटेड के सीएमडी शिवरतन अग्रवाल का गुरुवार सुबह चेन्नई में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया  उनके निधन से उद्योग जगत के साथ-साथ बीकानेर के सामाजिक क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त हुआ है। शिवरतन अग्रवाल ने बीकाजी कंपनी के माध्यम से पारंपरिक भुजिया और नमकीन को वैश्विक स्तर तक पहुंचाया और बीकानेर के स्वाद को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई।

बीकानेर सांसद अर्जुन राम मेघवाल ने भी निधन पर दुख जताते हुए लिखा कि बीकानेर के वरिष्ठ उद्योगपति, भामाशाह और बीकाजी ग्रुप के संस्थापक शिवरतन अग्रवाल ‘फन्ना बाबू’ के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनका समाजसेवा, उद्योग जगत व बीकानेर को विश्वपटल पर ख्याति दिलवाने में अमूल्य योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें एवं शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शिव रतन अग्रवाल के निधन पर दुख जताया है।

उनके परिवार में उनके पुत्र दीपक अग्रवाल हैं, जो वर्तमान में व्यवसाय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। शिवरतन अग्रवाल को बीकानेर में एक बड़े भामाशाह के रूप में भी जाना जाता था। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक कार्यों में योगदान दिया। उनके निधन पर उद्योग जगत, व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। बीकानेर शहर ने एक ऐसे व्यक्तित्व को खो दिया, जिसने न केवल व्यापार में सफलता पाई, बल्कि समाज सेवा में भी अमिट छाप छोड़ी। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लोगों ने भी शोक जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *