श्री पंचेश्वर महादेव मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन
जयपुर। श्री पंचेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट, अनिता कॉलोनी, बजाज नगर की ओर से द्श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन बड़े उत्साह एवं धूमधाम के साथ किया गया। इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक पुष्प-सज्जा एवं मनमोहक झांकियों से सजाया गया तथा भगवान श्रीकृष्ण का विशेष श्रृंगार किया गया।
आयोजन के दौरान सूरज एण्ड पार्टी द्वारा विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री गणेश जी की वंदना से हुआ। इसके पश्चात श्री राधा-कृष्ण की झांकी एवं नृत्य, श्री हनुमान जी, श्रीराम जी एवं लक्ष्मण जी के साथ वानर दल की झांकी, भगवान शंकर, माता पार्वती एवं नंदी की झांकी, तथा श्री राधा-कृष्ण एवं सुदामा जी की झांकी प्रस्तुत की गई।
इसके साथ ही मां काली, बड़े एवं छोटे भूतों की झांकी एवं नृत्य, श्री वासुदेव जी के सिर पर बाल कृष्ण की झांकी तथा श्री राधा-कृष्ण की लीलाओं का मनोहारी मंचन किया गया। कॉलोनी के नन्हे बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक राधा-कृष्ण स्वरूप में नृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर ठाकुर जी का चरणामृत अभिषेक ट्रस्ट के संरक्षक बी.पी. शर्मा, अध्यक्ष डॉ. पी.पी. शर्मा, सचिव पवन श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष डी.डी. शर्मा, ट्रस्टी निरंजन मांडण एवं अन्य सदस्यों द्वारा किया गया। इस दौरान कॉलोनी वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष शैली शर्मा, कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता जी.एन.पारीक सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
अभिषेक के पश्चात महाआरती का आयोजन किया गया तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। संपूर्ण आयोजन भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।
मंदिर ट्रस्ट के सचिव पवन श्रीवास्तव ने बताया कि जन्माष्टमी उत्सव की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए शनिवार को अनिता कॉलोनी महिला मंडल द्वारा दोपहर 3:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक बधाई गान एवं नंदोत्सव का आयोजन किया जाएगा।