अमित शाह से लेकर बीएल संतोष तक को बुला लें, जनता भाजपा को क्लीन बोल्ड करेगी : टीकाराम जूली, नेता प्रतिपक्ष राजस्थान विधानसभा
अलवर की फिजा बता रही है, कांग्रेस आ रही है
अलवर । राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि अलवर में जनप्रिय नेता भंवर जितेंद्र सिंह के साथ वार्ड-वार्ड जनसंपर्क के दौरान जिस तरह का उत्साह और समर्थन आमजन के बीच देखने को मिल रहा है, उससे साफ है कि अलवर की फिजा बता रही है कि कांग्रेस आ रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को भी जमीनी हकीकत का अहसास हो गया है, इसीलिए पहले अलवर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बुलाया गया, भाजपा इंतजार करती रही कि अमित शाह आएँगे उसके बाद चुनाव की घोषणा हो और जब उससे भी कोई असर नहीं हुआ तो अब जयपुर में भाजपा के संगठन मंत्री बीएल संतोष आकर संगठन को गुरु मंत्र दे रहे हैं।
लेकिन भाजपा के नेताओं को यह समझ लेना चाहिए कि अमित शाह आएं या बीएल संतोष, चुनाव में फैसला जनता करती है और जनता किसी के बुलाने से नहीं आती, बल्कि अपने अनुभव और अपने मुद्दों के आधार पर वोट करती है।
जूली ने कहा कि भाजपा की सरकार को अपने अधूरे वादों और नाकामियों का जवाब देना चाहिए। भाजपा बार-बार पुराने वादों को नई पैकेजिंग और नए नाम के साथ जनता के सामने पेश करती है, लेकिन यह नहीं बताती कि प्रदेश भर की सड़कों पर जगह-जगह कचरे के ढेर क्यों लगे हैं। आधी से ज्यादा रोड लाइटें क्यों नहीं जलती हैं। आवारा श्वानों का आतंक क्यों बढ़ रहा है और बच्चे इनके काटने का शिकार क्यों हो रहे हैं। सड़कों पर गोवंश खुलेआम क्यों घूम रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता चुनाव के समय गौभक्ति की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन जब सत्ता में रहते हुए गौवंश की सुरक्षा और सड़कों से उसे हटाने की जिम्मेदारी निभाने की बात आती है तो कोई जवाब नहीं देता। अगर भाजपा इतनी ही गौभक्त है तो वह बताए कि सड़कों पर निराश्रित गायें क्यों घूम रही हैं और उनके लिए व्यवस्था क्यों नहीं की गई।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा नेता चाहे कितने भी बड़े नेताओं को अलवर में या राजस्थान के किसी भी हिस्से में बुला लें, लेकिन मतदाता के रोजमर्रा के सवालों से भाग नहीं सकते। अलवर की जनता को भाषण नहीं, साफ-सुथरी सड़कें, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित माहौल, आवारा पशुओं से निजात और बेहतर नागरिक सुविधाएं चाहिए। उन्होंने कहा कि वार्ड-वार्ड जनसंपर्क में आमजन भाजपा सरकार की कार्यशैली से नाराजगी जाहिर कर रहा है और कांग्रेस के प्रति विश्वास व्यक्त कर रहा है। यही जनभावना आने वाले चुनाव में दिखाई देगी और अलवर समेत प्रदेशभर में कांग्रेस भाजपा को जोर का झटका देगी।