मुख्यमंत्री कल से करेंगे रोड़ शो,मदन राठौड़ भी करेंगे प्रचार

जयपुर। प्रदेश की 309 निकायों में नामांकन वापसी की तारीख निकल जाने के बाद में अब प्रमुख पार्टियों सहित बागियों और निर्दलीयों ने पूरा जोर लगा दिया है। उधर सत्ताधारी भाजपा ने अब मुख्यमंत्री और प्रदेश के बड़े नेताओं को मैदान में उतरने की तैयारी कर ली है। खुद मुख्यमंत्री 10 नगर निगमन में रोड शो करने उतरेंगे मुख्यमंत्री शनिवार से प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे।

भाजपा ने प्रचार अभियान को तेज करने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ को मैदान उतारा है । मुख्यमंत्री के प्रस्तावित रोड शो 5 सितंबर से शुरू होंगे। अगले पांच दिन मुख्यमंत्री प्रदेश के 10 से अधिक प्रमुख शहरों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो करेंगे और कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरेंगे। वहीं, राठौड़ 5 सितंबर से दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे और विभिन्न जिलों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करेंगे।

भाजपा संगठन से तैयार प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री 5 सितंबर को भीलवाड़ा और उदयपुर, 6 सितंबर को बीकानेर, अजमेर और जोधपुर, 7 सितंबर को भरतपुर और अलवर, 8 सितंबर को पाली और कोटा और 9 सितंबर को जयपुर में रोड शो करेंगे। मुख्यमंत्री के रोड शो भाजपा की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव बाद पहली बार बड़े स्तर पर हो रहे निकाय चुनाव में भाजपा सरकार के कामकाज और स्थानीय विकास के मुद्दों को मुख्यमंत्री के जरिए जनता के बीच ले जाने की तैयारी है।

रोड शो के जरिए भाजपा एक साथ प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल, संगठन में उत्साह और सरकार के प्रति भरोसा बनाने की कोशिश करेगी। खासतौर पर बड़े नगर निगम और नगर परिषद क्षेत्रों में मुख्यमंत्री की मौजूदगी को पार्टी प्रत्याशियों के लिए सीधा लाभ दिलाने की कोशिश होगी। भाजपा ने निकाय चुनाव में स्थानीय मुद्दों को अपने प्रचार का प्रमुख आधार बनाया है. शहरों में सड़क, सफाई, ट्रैफिक, पेयजल, ड्रेनेज और शहरी सुविधाओं जैसे मुद्दों के साथ राज्य सरकार के अब तक के कामकाज को भी जनता के सामने रखा जाएगा। ऐसे में मुख्यमंत्री के रोड शो स्थानीय प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार को व्यापक राजनीतिक संदेश से जोड़ने का काम करेंगे।

9 सितंबर को जयपुर में प्रस्तावित मुख्यमंत्री का जयपुर रोड शो खास तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजधानी में निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने टिकट वितरण से लेकर संगठनात्मक तैयारियों तक व्यापक मंथन किया है। अब मुख्यमंत्री का रोड शो पार्टी के मेयर पद के समीकरण और वार्ड स्तर के प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने के लिहाज से अहम होगा। भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी के ने बताया कि प्रदेश की सभी नगर निकायों में भाजपा का कमल खिलने जा रहा है।
भाजपा सभी 309 नगर निकायों में मजबूत स्थिति में है. मुख्यमंत्री से लेकर दिल्ली से आए केंद्रीय नेता और प्रदेश के पदाधिकारी, केंद्रीय मंत्री और प्रदेश सरकार के मंत्री सभी अलग-अलग जगह पर आवश्यकता के अनुसार प्रचार करेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रोड शो के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बगड़ी ने कहा कि प्रदेश की भजनलाल सरकार ने ढाई साल में जो काम किया है, उसके आधार पर जनता के बीच जा रहे हैं।

5 सितंबर को मदन राठौड़ अजमेर और नागौर जिले में भाजपा के पक्ष में प्रचार करने के साथ कार्यकर्ताओं और नेताओं से मिलेंगे. 6 सितंबर को फलोदी, जैसलमेर और बाड़मेर में प्रचार करेंगे. राठौड़ का फोकस सिर्फ रोड शो और जनसंपर्क तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि संगठन की बैठकें भी लेंगे और नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को चुनाव को लेकर दिशानिर्देश देंगे. टिकट वितरण के बाद कई क्षेत्रों में सामने आ रही नाराजगी और संभावित भीतरघात की आशंका के बीच अध्यक्ष का स्थानीय नेताओं के साथ सीधा संवाद अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *