भरतपुर। बर्तन व्यापारी को गोली मारकर हत्या करने के साथ लूट का प्रयास करने वाले आरोपी ने सेवर थाना क्षेत्र में पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी व्यापारी पर फायरिंग करने वाले तीन सदस्यीय गिरोह का हिस्सा है, जबकि दो अन्य आरोपियों की पहचान कर उन पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस का दावा है कि प्रारंभिक जांच में यही गिरोह चिकसाना और सेवर क्षेत्र में हुई दोनों फायरिंग की वारदातों में शामिल मिला है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मृतक व्यापारी के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इलाज में लापरवाही और बिगड़ी कानून–व्यवस्था ने व्यापारी की जान ली है।
घटना को लेकर पुलिस अधिकारी राजेश मीणा ने बताया कि कुछ दिन पहले चिकसाना थाना क्षेत्र में एक व्यापारी को कंधे में गोली मारकर लूट का प्रयास किया गया था। इसके बाद सेवर थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदात हुई। दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीओ सिटी, सीओ ग्रामीण, संबंधित थाना पुलिस, डीएसटी और साइबर सेल की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस ने अभय कमांड सेंटर सहित शहर और आसपास के मार्गों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी।
इसी दौरान सेवर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम एक आरोपी को पकड़ने पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश उर्फ शैलू प्रजापत निवासी कासोट, थाना सदर डीग के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में उसके खिलाफ कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है, हालांकि अन्य जिलों और थानों से उसका रिकॉर्ड मंगाया जा रहा है।
दोनों वारदातों में एक ही गिरोह शामिल: एसपी राजेश मीणा ने बताया कि अब तक की जांच में सामने आया है कि चिकसाना और सेवर क्षेत्र में हुई दोनों फायरिंग की घटनाओं को एक ही तीन सदस्यीय गिरोह ने अंजाम दिया. पहले चिकसाना में व्यापारी पर हमला किया गया और उसके बाद सेवर में वारदात की गई. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इन घटनाओं में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं.
पढ़ें: सर्राफा व्यापारी से लूट का मामला : तीन बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने बाजार में निकाला जुलूस
दो फरार बदमाशों पर 25-25 हजार का इनाम: एसपी मीणा ने बताया कि मामले में कुल तीन आरोपियों की पहचान हो चुकी है. एक आरोपी महेश उर्फ शैलू पुलिस की गिरफ्त में है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं. इनमें प्रवीण उर्फ बॉबी निवासी कासोट प्रमुख है. उसके खिलाफ वर्ष 2006 में डीग थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें उसे सजा भी हो चुकी है. दूसरे आरोपी की भी पहचान कर ली गई है, लेकिन पुलिस फिलहाल उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है. दोनों फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है. पुलिस उनकी फोटो और इनाम की सूचना भी जारी कर रही है.
4 जुलाई को व्यापारी को मारी थी गोली: गौरतलब है कि 4 जुलाई की रात करीब 10:15 बजे सेवर थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने बर्तन व्यापारी चन्द्रभान को करीब 5 लाख रुपए लूटने के इरादे से गोली मार दी थी। गोली व्यापारी के कंधे में लगी थी. वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए थे। इस घटना को लेकर व्यापारियों में भारी आक्रोश था। कांग्रेस नेताओं और व्यापारियों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया था तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की थी। अब पुलिस की इस कार्रवाई को मामले में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि फरार दोनों आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।