अलवर। प्रदेश के कृषि मंत्री और जिला प्रभारी मंत्री डॉ किरोड़ी लाल मीणा ने इस्तीफे के मुद्दे पर फिर कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा या कांग्रेस का कोई भी नेता मुझ पर भ्रष्टाचार के तिल के बराबर आरोप साबित कर दे, तो वे मंत्री पद से इस्तीफा देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि रीट, आरएएस, बीज निगम एवं अन्य मामलों की गड़बड़ी पर सरकार ने संतोषजनक कार्रवाई नहीं की, तो वे बड़ा कदम उठाएंगे।
अलवर में जिला प्रभारी मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि बीज निगम के निदेशक रहे जुगल किशोर मुझे नकली खाद व बीज आदि की बिक्री का इनपुट देता था। लेकिन स्वयं जुगल किशोर द्वारा गड़बड़ी करने की सूचना पर उसे एसीबी से गिरफ्तार करा दिया। उन्होंने कहा कि 1985 से वे भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं और जिस दिन मुझ पर भ्रष्टाचार का किसी प्रकार का भी आरोप साबित हो जाएगा, तो खुद को कानून के हवाले कर मंत्री पद छोड़ दूंगा। उन्होंने कहा कि बीज निगम में भ्रष्टाचार मामले में भजनलाल सरकार की ओर से कार्रवाई नहीं करने के विपक्ष के आरोप गलत हैं। सरकार इस मामले में भाजपा से जुड़े लोगों पर भी कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने कहा कि भजनलाल शर्मा सरकार ने ही बीज निगम के डायरेक्टर, एमएलए के पीए व अन्य लोगों को एसीबी से पकड़वाया है। इससे साबित होता है कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टोलरेंस की नीति अपना रही है। उन्होंने कहा कि सत्ता के दवाब में किसी भी भ्रष्टाचारी को नहीं बख्शा जाएगा। कृषि मंत्री मीणा ने कहा कि विभाग की ओर से कार्रवाई के दौरान पकड़े गए नकली बीज को सील किया गया है. लैब की टेस्ट रिपोर्ट में बीज नमूना फेल पाए जाने पर उसे नष्ट किया जाएगा।
मीणा ने कहा कि उन्होंने समय-समय पर रीट, आरएएस, एसआई भर्ती परीक्षा एवं गड़बड़ी के अनेक मुद्दे उठाए हैं। यदि सरकार की ओर से उनके उठाए मुद्दों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई, तो वे बड़ा कदम भी उठा सकते हैं। इन गड़बड़ी के कई मुददों पर सरकार ने कार्रवाई की है और अभी कई लोग अभी बचे हैं। ऐसे लोगों पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मिलकर एसओजी से कार्रवाई कराने के लिए कहा गया है।
जिला प्रभारी ने इससे पूर्व अलवर के सूचना केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को लेकर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल को सराहा और कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने विकास के नए आयाम तय किए हैं। उन्होंने इस दौरान अलवर जिले में हुए विकास कार्यों को भी सराहा।