पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ स्थित धारचूला तहसील मुख्यालय से करीब 42 किमी दूर पंपाबे नाम की जगह पर पर्यटकों की बोलेरो गाड़ी के ऊपर चट्टान गिर गई। इस हादसे में बोलेरो में बैठे ड्राइवर समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार सवार सभी पर्यटक राजस्थान के थे।
हादसे के बाद घायलों को तत्काल उप जिला चिकित्सालय धारचूला ले जाया गया। पत्थर गिरने से बोलेरो कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है बताया जा रहा है कि बोलेरो सवार सभी लोग पंचाचूली बेस से वापस लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार पर्यटक राजस्थान के कोटा जिले के रामगंज मंडी से एक ही परिवार के 9 चचेरे भाई-बहन उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में घूमने आए थे। अपनी यात्रा के पहले चरण में इन सभी श्रद्धालुओं ने आदि कैलाश और ओम पर्वत के पवित्र दर्शन किए थे।
जानकारी के अनुसार आदि कैलाश के दर्शन करने के बाद यह परिवार गुरुवार को दारमा घाटी में स्थित प्रसिद्ध पंचाचूली बेस कैंप घूमने गया था। शुक्रवार को पंचाचूली से अपनी बोलेरो कार द्वारा वापस लौटते समय दोपहर करीब 1:30 बजे यह भीषण हादसा हुआ। हादसा उस समय हुआ ,जब धारचूला से करीब 42 किलोमीटर दूर पंपाबे में पहाड़ी से अचानक एक विशाल चट्टान आ गिरी। चट्टान सीधे चलती बोलेरो कार के अगले हिस्से पअर गिरी, जिससे गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार के अगले हिस्से पर चट्टान गिरने के कारण अगली सीटों पर बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठ परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में मरने वालों में कार चालक सुरेन्द्र गर्ब्याल ( 50 ) पुत्र किशन सिंह निवासी गर्ब्यांग, थाना धारचूला पिथौरागढ
केशव खंडेलवाल (15) पुत्र अजेंद्र सिंह निवासी रामगंज मंडी जिला कोटा, राजस्थान है।
घायलों में ऋषभ खंडेलवाल ( 30 ) पुत्र मुकेश खंडेलवाल कोटा राजस्थान। राघव खंडेलवाल ( 17 ) पुत्र बृजेश खंडेलवाल,
रुणि खंडेलवाल ( 26 ) पुत्र दिनेश खंडेलवाल,
आयुष खंडेलवाल ( 24 ) पुत्र गजेन्द्र खंडेलवाल निवासी कोटा शामिल हैं। पिथौरागढ़ जिलाधिकारी के अनुसार आशीष कुमार भटगाई ने बताया कि सीमांत व दुर्गम क्षेत्रों में यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सीमा सड़क संगठन के अलावा दारमा व व्यास घाटी क्षेत्रों में कार्यरत संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।