जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ईंधन बचत की दिशा मे कदम बढ़ाया है। पहले उन्होंने अपने काफिले में कारों की संख्या कम की थी, वहीं अब उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहन से सफर शुरू कर एक और उदाहरण पेश किया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री शर्मा ऊर्जा सम्मेलन में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री अपने कार्यालय से इलेक्ट्रिक वाहन के जरिए रवाना हुए. सीएमओ से मेरियट होटल तक की यात्रा उन्होंने ईवी से पूरी की।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर संदेश देते हुए कहा कि ईंधन बचत आज की सबसे बड़ी जरूरत है। इलेक्ट्रिक वाहनों के अधिक उपयोग से न केवल पेट्रोल-डीजल की खपत कम होगी, बल्कि प्रदूषण में भी महत्वपूर्ण कमी आयेगा। यह समय है जब हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘7 अपीलों’ का जिक्र करते हुए कहा कि देश को आत्मनिर्भर और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने के लिए इन अपीलों को जमीन पर उतारना बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक स्तर पर जलवायु परिवर्तन और ऊर्जा संकट जैसी चुनौतियों को देखते हुए भारत जैसे बड़े देश में हर छोटे प्रयास का बड़ा प्रभाव हो सकता है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हाल ही में सरकारी काफिले की संख्या कम करने का निर्णय लिया था, जिससे ईंधन की बचत और प्रशासनिक सादगी का संदेश दिया गया था। अब ईवी वाहन के उपयोग की शुरुआत को उसी दिशा में एक और मजबूत कदम माना जा रहा है। उनकी इस पहल को राज्य प्रशासन में एक सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जो न केवल सरकारी स्तर पर बदलाव का संकेत है, बल्कि आम जनता को भी प्रेरित करता है कि वे अपनी दैनिक जीवनशैली में ईंधन बचत और प्रदूषण नियंत्रण को प्राथमिकता दें।