वाशिंगटन। अमेरिका के वाशिंगटन के हिल्टन होटल में भारतीय समयानुसार रविवार सुबह कॉरेसपॉडेंट डिनर के दौरान फायरिंग की बड़ी घटना सामने आई। घटना के समय अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस मौजूद थे। सुरक्षा बलों ने घटना होते ही उन्हें कार्यक्रम स्थल से सुरक्षित निकाला। कहा जा रहा है कि सीक्रेट सर्विस ने हमलावर को हिरासत में ले लिया। ट्रंप के साथ उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और कई अन्य मंत्री वहां मौजूद थे।
घटना अचानक उस समय हुई ,जब वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक प्रेस डिनर में शामिल हुए थे। तभी अंधाधुंध गोलियां चली। एएनआई के रिपोर्टरों ने कहा कि होटल में जोरदार धमाकों जैसी आवाजें सुनाई दी। ‘ब्लैक-टाई’ वाले व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में आए मेहमान घबराकर मेजों के नीचे छिपने लगे। घटना के बाद तुरंत बंदूकें ताने हुए टैक्टिकल टीमों ने उस मंच पर मोर्चा संभाल लिया, और ट्रंप को वहां से सुरक्षित निकाल लिया। पुलिस ने वॉशिंगटन हिल्टन होटल को चारों ओर से घेर लिया, जहां यह कार्यक्रम हो रहा था और हेलीकॉप्टर ऊपर मंडराते रहे।
अमेरिकी मीडिया ने बताया कि ट्रंप को कोई चोट नहीं आई है। ट्रंथ सोशल पोस्ट के अनुसार सीक्रेट सर्विस ने हमलावर को हिरासत में ले लिया। अपुष्ट रिपोर्टों के अनुसार, एक व्यक्ति घायल हुआ है, हालाँकि चोट के कारणों के बारे में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है। यह घटना स्वागत भाषण के बाद और डिनर के दौरान हुई, ठीक उस समय जब ट्रंप को भाषण देना था।
ऐसा लगा कि ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों को सबसे पहले सुरक्षित निकाला गया और इस बात को लेकर अनिश्चितता बनी रही कि आखिर हुआ क्या था। व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान गोलीबारी होने के बाद सीक्रेट सर्विस ने डिनर रद्द कर दिया लेकिन ऐसी खबरें आ रही हैं कि राष्ट्रपति ट्रंप इसे रद्द नहीं करवाना चाहते।
राष्ट्रपति पद पर रहते हुए ट्रंप पहली बार इस कार्यक्रम में शामिल हो रहे थे। व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन (WHCA) ने मीडिया पर ट्रंप के बार-बार के हमलों के बावजूद इस साल उन्हें आमंत्रित किया था। पिछले 100 सालों के अन्य सभी राष्ट्रपतियों के विपरीत ट्रंप ने राष्ट्रपति पद पर रहते हुए कभी भी व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में हिस्सा नहीं लिया था।