अयोध्या। यहां राम मंदिर के पास श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ की पूर्णाहुति के दिन भीषण आग लग गई, जिससे वहां हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि दमकल विभाग ने समय रहते आग बुझा ली और कोई जनहानि नहीं हुई।
अयोध्या में राम मंदिर से कुछ दूर राजघाट पर पिछले नौ दिनों से एक बड़ा यज्ञ चल रहा था। श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ की पूर्णाहुति हो रही थी, तभी वहां भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि उन्होंने यज्ञशाला के साथ-साथ पास की गौशाला को भी अपनी चपेट में ले लिया। उस वक्त वहां काफी लोग मौजूद थे, जिससे अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
सरयू तट पर बाटी वाले बाबा के पास करीब एक एकड़ में फैले इस महायज्ञ का आज ही पूर्णाहुति के साथ समापन हुआ था। यह महायज्ञ स्वामी जी महाराज द्वारा आयोजित किया गया था, जिसकी अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह कर रहे थे। समापन के दिन ही अज्ञात कारणों से लगी इस आग ने उत्सव के माहौल को दहशत में बदल दिया।
आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन में खलबली मच गई। डीएम निखिल टीकाराम फूंडे और एसएसपी गौरव ग्रोवर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर जुटी रहीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा के लिहाज से मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात कर दिया है।
इस घटना पर अखिलेश यादव ने ट्वीट कर तीखा हमला बोला है. उन्होंने इसे प्रशासन की लापरवाही बताते हुए आरोप लगाया कि पैसे बचाने के चक्कर में बिना विशेषज्ञों के यह आयोजन किया गया और उन्होंने इस घटना की जांच की मांग की।