हैदराबाद / जयपुर। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 19 वें संस्करण के दूसरे चरण का कार्यक्रम जारी होने के साथ ही पूरा शेड्यूल अब सामने आ गया है। बीसीसीआई ने दूसरे चरण का कार्यक्रम आज घोषित कर दिया है। इससे पहले बीसीसीआई ने पहले 20 मैचों का कार्यक्रम जारी किया था और गुरुवार को लीग चरण के शेष 50 मैचों का कार्यक्रम घोषित किया। इस दूसरे चरण में जयपुर को चार मैच मिले हैं। जबकि पहले चरण में राजस्थान रॉयल्स के तीन मैच गुवाहाटी में खेले जाने हैं।
आईपीएल 2026 में इस बार 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, “लीग चरण के शेष 50 मैच 13 अप्रैल से 24 मई 2026 तक भारत के 12 स्टेडियमों में खेले जाएंगे।”बीसीसीआई के अनुसार, दूसरे चरण के मैच बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, धर्मशाला, रायपुर और नई चंडीगढ़ में खेले जाएंगे। बोर्ड ने आगे कहा कि टूर्नामेंट के निर्णायक चरण में प्रवेश करने के साथ ही टीमें प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर प्रतिस्पर्धा करेंगी, और लीग चरण के उत्तरार्ध में मुकाबला और भी कड़ा होने की उम्मीद है।
13 अप्रैल, 2026 को हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाले मैच से टूर्नामेंट की शुरुआत होगी। बीसीसीआई ने कहा, “फैंस टूर्नामेंट के इस रोमांचक चरण का इंतजार कर सकते हैं क्योंकि टीमें लीग चरण के अंतिम सप्ताहों से पहले प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए जमकर संघर्ष करेंगी। दूसरे चरण में आठ डबल हेडर मैच होंगे, जिनमें दोपहर के मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे और शाम के मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होंगे।
बीसीसीआई के अनुसार, पंजाब किंग्स अपने घरेलू मैच न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला में खेलेगी, जिनमें से तीन मैच धर्मशाला में होंगे। इस चरण में राजस्थान रॉयल्स अपने चार घरेलू मैच जयपुर में खेलेगी, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने तीन घरेलू मैच बेंगलुरु में और दो मैच रायपुर में खेलेगी। लीग का आखिरी मैच 24 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। आईपीएल की शुरुआत मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबले से होगी।
बोर्ड ने कहा कि प्लेऑफ के आयोजन स्थलों की घोषणा बाद में की जाएगी। मुंबई इंडियंस अपना आखिरी लीग मैच राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 24 मई को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलेगी, जो दोपहर का मैच होगा।