रोटरी क्लब जयपुर रॉयल का छात्राओं में जागरूकता के साथ पर्यावरण संरक्षण संदेश

रोटरी क्लब जयपुर रॉयल का मासिक धर्म स्वच्छता अभियान, छात्राओं में जागरूकता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रोटरी क्लब जयपुर रॉयल द्वारा प्रोजेक्ट प्रीत के अंतर्गत शहर के राजकीय बालिका विद्यालयों में मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता सत्र एवं पुन: उपयोग योग्य सेनेटरी पैड वितरण का अभियान निरंतर जारी है। इसी क्रम में क्लब ने दो और विद्यालयों में सत्र आयोजित कर सैकड़ों छात्राओं को लाभान्वित किया।

यह पहल एसबीआई बैंक की सीएसआर पहल तथा यूनिपैड्स फाउंडेशन के सहयोग से संचालित की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मासिक धर्म से जुड़े स्वास्थ्य, स्वच्छता, मिथकों और सुरक्षित विकल्पों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि सामान्य सेनेटरी पैड को नष्ट होने में सैकड़ों वर्ष लग जाते हैं, जबकि री-यूजेबल पैड पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। सत्र के बाद बालिकाओं को पुन: उपयोग योग्य सेनेटरी पैड वितरित किए गए, जिससे उनमें आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना बढ़ी।

क्लब अध्यक्ष रोटेरियन पूनम बगड़िया ने कहा कि सही जानकारी और आवश्यक संसाधन मिलने से बेटियाँ स्वस्थ रहती हैं, उनकी स्कूल उपस्थिति बेहतर होती है और वे पर्यावरण के प्रति भी सजग बनती हैं। कार्यक्रम में मदर एंड चाइल्ड चेयरपर्सन नीरू सैनी, प्रेसिडेंट-इलेक्ट विजय राजोरिया एवं सरिता राजोरिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि प्रोजेक्ट प्रीत के तहत जयपुर में 10,000 पुन: उपयोग योग्य सेनेटरी पैड वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके अंतर्गत अब तक कई विद्यालयों में सफलतापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। विद्यालय प्रशासन ने इस उपयोगी पहल के लिए रोटरी क्लब का आभार व्यक्त किया।

रोटरी क्लब जयपुर रॉयल भविष्य में भी बालिकाओं के स्वास्थ्य, गरिमा, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसे सेवा कार्य निरंतर करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *