बंगलुरू। रॉयल चैलेंजर ने अपनी चौथी जीत दर्ज करते हुए आईपीएल टेबल तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। बुधवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 23वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 5 विकेट से हरा दिया। 147 रनों के छोटे लक्ष्य को आरसीबी ने 15.1 ओवर में ही पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस मैच में ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 49 रन बनाए। इस जीत के साथ ही RCB पांच मैचों में 8 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में फिर से टॉप पर पहुंच गई है।
पहली पारी में कोहनी में चोट लगने के कारण ऋषभ पंत इस मैच में उपलब्ध नहीं थे, इसलिए निकोलस पूरन ने मैदान पर लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी की। कोहली अपना अर्धशतक पूरा करने से चूक गए। वो 34 गेंदों पर 49 रन बनाकर वह लॉन्ग-ऑन पर कैच आउट हो गए। उनकी इस पारी में छह चौके और एक छक्का शामिल था।
जीत की औपचारिकता टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड 14-14 रन बनाकर नाबाद रहते हुए पूरी की और उन्होंने RCB को 29 गेंदें शेष रहते ही जीत दिला दी। LSG की तरफ से आवेश खान ने दो अहम विकेट लिए। प्रिंस LSG के सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 32 रन देकर 3 विकेट लिए।
इससे पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ की टीम को भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की नई गेंद से की गई गेंदबाजी ने मुश्किल में डाल दिया। LSG को एक बड़ा झटका तब लगा, जब कप्तान ऋषभ पंत की कोहनी में चोट लग गई और वे सिर्फ तीन गेंदें खेलने के बाद ‘रिटायर्ड हर्ट’ हो गए।
इसके बाद बडोनी (38) और मुकुल चौधरी (39) ने स्थिति को संभालने की कोशिश तो की, लेकिन लगातार विकेट गिरते रहने से लखनऊ लंबा स्कोर नहीं कर सकी। हालांकि पंत बाद में बल्लेबाजी करने लौटे, लेकिन वे सिर्फ एक रन ही बना पाए।
रासिख ने शानदार गेंदबाजी करते हुए LSG की पारी को समेट दिया और कुल चार विकेट लिए। भुवनेश्वर ने तीन विकेट लिए और हेजलवुड ने अपनी गेंदबाजी पर बेहतरीन नियंत्रण बनाए रखा।