जयपुर। सोमवार को प्रश्नकाल के दौरान राजस्थान विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। अंग्रेजी माध्यम मॉडल स्कूल पर पक्ष-विपक्ष में जमकर नोकझोंक हुई। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के यह कहने पर कि पूर्ववर्ती सरकार ने ‘भांग’ खाकर मॉडल स्कूल खोले। हमारी सरकार इनकी बिगड़ी व्यवस्था को सुधार रही है,पर प्रतिपक्ष के सदस्यों ने आपत्ति जताई।
भाजपा विधायक महंत बालकनाथ ने प्रदेश में संचालित स्वामी विवेकानंद मॉडल विद्यालयों के संचालन से जुड़ा प्रश्न पूछा। इस पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि पिछली सरकार ने कई हिंदी माध्यम स्कूलों को महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में बदल दिया, लेकिन उनके लिए न तो पद सृजित किए गए और न ही शिक्षकों की भर्ती की गई। वर्तमान सरकार ऐसे विद्यालयों में पद सृजित कर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर रही है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि क्या इतने स्कूल ‘भांग’ खाकर खोले गए थे ?. कहीं-कहीं तो शून्य छात्र होने के बावजूद स्कूल खोल दिए गए।
मंत्री के इस बयान पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि ऐसी भाषा शिक्षा मंत्री को शोभा नहीं देती। ऐसा लगता है जैसे ‘भांग’ खुद ही रखी हुई थी। मदन दिलावर ने जवाब में कहा कि उनकी सरकार कांग्रेस राज की तरह काम नहीं करेगी। बीजेपी सरकार में कैडर बनाकर शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। गोविंद सिंह डोटासरा ने भी पलटवार करते हुए कहा कि सरकार स्पष्ट करे कि वह कैसा कैडर बनाएगी ? अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के लिए पहले कोई अलग कैडर नहीं बनाया गया था। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद सदन में हंगामे की स्थिति बन गई। बाद में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।