डोटासरा कैसे हुए घायल, जयपुर कमिश्नरेट में तीसरे दिन धरने की घटना

जयपुर। NSUI की राष्ट्रीय सचिव रितु बराला के साथ दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान मारपीट और अभद्रता के मामले में जयपुर में जीरो FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर राजस्थान कांग्रेस का आंदोलन बुधवार को भी जारी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में लगातार दूसरी रात बिताई ओर सोमवार शाम से शुरू हुआ धरना मंगलवार रात को जारी रहने के बाद बुधवार सुबह भी जारी रहा। इस दौरान डोटासरा जब मॉर्निंग वॉक कर रहे थे, तो उनके पांव में मोच भी आ गई। इस बीच बुधवार सुबह तक कांग्रेस नेता कमिश्नरेट परिसर में मौजूद रहे। कांग्रेस की मांग है कि रितु बराला की शिकायत पर राजस्थान में जीरो FIR दर्ज की जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस नेताओं के लगातार कमिश्नरेट में डटे रहने से यह मामला बड़ा राजनीतिक रूप लेता जा रहा है। विरोध प्रदर्शन और धरने में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के अलावा नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, रफीक खान सहित महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सारिका चौधरी और पार्टी पदाधिकारी मौजूद हैं। मंगलवार रात धरने के दूसरे दिन महिला नेत्रियों में पूर्व मंत्री शकुंतला रावत, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सारिका चौधरी, विधायक शिखा बराला,पूर्व मंत्री शकुंतला रावत,अभाव अभियोग प्रकोष्ठ की अध्यक्ष योगिता शर्मा सहित अन्य नेता धरनास्थल पर मौजूद हैं।
कांग्रेस नेताओं की दिनचर्या कमिश्नरेट में जारी है। बुधवार सुबह जयपुर पुलिस कमिश्नरेट परिसर में सबसे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर पार्टी नेताओं ने साफ-सफाई की। वहीं, धरने के बीच डोटासरा की एक और तस्वीर सामने आई, जिसमें वह अपनी कार में सेविंग बनाते नजर आ रहे हैं। लगातार दूसरी रात कमिश्नरेट में बिताने के बाद कांग्रेस नेताओं ने परिसर के बाहर बने चौबारे में चाय और नाश्ता किया। इसके बाद नेताओं के बीच राजनीतिक चर्चा भी हुई। इस दौरान डोटासरा के साथ प्रताप सिंह खाचरियावास, रफीक खान, टीकाराम जूली सहित कई नेता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब तक रितु बराला के मामले में उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। लगातार दूसरी रात कमिश्नरेट में बिताकर कांग्रेस ने यह संदेश देने की कोशिश की कि वह इस मामले को लेकर पीछे हटने के मूड में नहीं है।
बुधवार सुबह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पत्रकारों से बातचीत की और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि NSUI नेता रितु बराला के साथ कथित मारपीट के मामले में FIR दर्ज नहीं करने के लिए पुलिस पर दबाव बनाया जा रहा है। डोटासरा ने सवाल उठाया कि जब शिकायतकर्ता के पास शिकायत दर्ज कराने का अधिकार है, तो पुलिस जीरो FIR दर्ज करने से पीछे क्यों हट रही है। उन्होंने पुलिस के तर्कों पर भी सवाल खड़े किए और आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के चलते शिकायत पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। डोटासरा ने जयपुर पुलिस कमिश्नर की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए तंज कसा कि क्या जयपुर पुलिस कमिश्नर भाजपा के बाड़े में हैं। कांग्रेस अध्यक्ष का कहना है कि पार्टी की मांग किसी पूर्व निष्कर्ष पर पहुंचने की नहीं, बल्कि शिकायत दर्ज कराकर मामले की जांच कराने की है।
इस बीच रितु बराला मामले में FIR को लेकर पुलिस और कांग्रेस के बीच अभी तक सहमति नहीं बनी है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, जयपुर पुलिस अलग से FIR दर्ज करने से इनकार कर रही है, क्योंकि इस मामले में दिल्ली के कनॉट प्लेस थाने में पहले से केस दर्ज है।
इसी आधार पर पुलिस की ओर से जयपुर में अलग FIR दर्ज करने को लेकर इंकार किया गया है। हालांकि, कांग्रेस इस तर्क से सहमत नहीं है और उनका कहना है कि रितु बराला राजस्थान में शिकायत दर्ज कराने पहुंची हैं और उनकी शिकायत पर जीरो FIR दर्ज कर नियमानुसार जांच की जानी चाहिए। यही विवाद कांग्रेस और जयपुर पुलिस के बीच टकराव का मुख्य कारण बना हुआ है। कांग्रेस नेता लगातार पुलिस कमिश्नरेट में धरना देकर अपनी मांग दोहरा रहे हैं, जबकि FIR दर्ज करने के मुद्दे पर अब तक सहमति नहीं बन सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *