ममता बनर्जी पर चाकू से हमले की कोशिश

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सरकार बदलने के साथ ही टीएमसी के नेताओं पर लगातार हो रहे हमलों के बीच अब एक बड़ी घटना में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर मंगलवार शाम कालीघाट स्थित उनके आवास के सामने चाकू से हमले की कोशिश की गई है।

इस घटनाक्रम को लेकर तृणमूल कांग्रेस की सांसद डोला सेन ने दावा किया कि एक महिला चाकू लेकर ममता की ओर झपटी और उनके साथ गाली-गलौज की।
पुलिस की ओर से हिरासत में ली गई महिला की पहचान तन्निष्ठा साहा के रूप में बताई गई है। डोला ने इस मामले में कालीघाट थाने के ओसी को ईमेल भेजकर शिकायत की है।
सांसद डोला सेन के अनुसार, मंगलवार शाम करीब छह बजे वह ममता बनर्जी और तृणमूल नेता वैश्वानर चट्टोपाध्याय के साथ कालीघाट मिलन संघ की दुर्गापूजा में जा रही थीं।
इसी दौरान एक महिला ने ममता को ‘पीसी’ कहकर पुकारा और उनकी ओर दौड़ी। डोला का आरोप है कि महिला नशे में थी और उसने ममता पर झपटने की कोशिश की।
इसके बाद वह सड़क पर लेटकर गाली-गलौज करने लगी। डोला ने दावा किया कि महिला के हाथ में चाकू था। सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि महिला ने खुद को सिविक वालंटियर और ममता की भांजी बताया। घटना के बाद डोला ने वहां मौजूद दो पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी दी।
उनके मुताबिक, दोनों ने खुद को राज्य पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि कोलकाता पुलिस के अधिकार क्षेत्र में होने के कारण वे कार्रवाई नहीं कर सकते।

डोला ने आरोप लगाया कि पुलिस महिला को दूर ले जाकर चाय पिला रही थी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *