भड़ाना हत्याकांड में अब तक 4 गिरफ्तार,अन्य गिरफ्तारियों के लिए पुलिस टीमों की दबिश

भरतपुर। बयाना के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या के मामले में पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जांच कर रही है। इस मामले में पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश भड़ाना ने मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने भौड़ा गांव स्थित खनन पट्टे पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचकर फायरिंग करने, मारपीट, आगजनी और तोड़फोड़ करने के आरोप लगाए थे।

भरतपुर रेंज आई जी की ओर से घटनास्थल का जायजा लेने के बाद एसपी राजेश मीणा ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने अनुसंधान करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में इस्तेमाल किए गए वाहनों को भी जब्त किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीओ नीरज भारद्वाज ने बताया कि पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम भागमल, सोनीराम, शेर सिंह और कुंवर सिंह हैं।
सीओ ने बताया कि कमलेश भड़ाना की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, रविवार शाम करीब 7 बजे भौड़ा गांव स्थित खनन पट्टे पर लगभग 80 लोग पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही भीड़ ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना को घेरकर लाठी-डंडों और सरियों से हमला किया गया। रिपोर्ट में बताया गया कि हमले के दौरान पूर्व विधायक को बचाने के लिए आगे आए कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों के साथ भी मारपीट की गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के साथ हुई मारपीट के अलावा कार्यालय और कमरों में आग लगाने तथा क्रेशर मशीनों में तोड़फोड़ करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश भड़ाना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपने पति को हमलावरों से बचाने का प्रयास किया था, लेकिन इस दौरान उनके साथ भी मारपीट की गई। रिपोर्ट में घटना के दौरान खनन पट्टे पर मची अफरा-तफरी और हमले में कर्मचारियों तथा सुरक्षा गार्डों को निशाना बनाए जाने का भी उल्लेख किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *