अमित शाह पहुंचे सांचू पोस्ट, सीएम के साथ जवानों का उत्साह बढ़ाया

बीकानेर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को बीकानेर स्थित अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ की ऐतिहासिक सांचू पोस्ट पर प्रहरी सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीमा पर तैनात जवानों की वीरता, अनुशासन और राष्ट्र सुरक्षा में उनके योगदान की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया।

इसी के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ अमित शाह ने सीमा पर तैनात जवानों से संवाद किया तथा उनके साथ जलपान कर उनका मनोबल बढ़ाया। केंद्रीय गृह मंत्री ने सीमा चौकियों पर नवनिर्मित 14 महिला बैरकों का ई-लोकार्पण भी किया। माना जा रहा है कि इससे सीमा क्षेत्र में तैनात महिला जवानों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी, तथा उनकी कार्यक्षमता और सुविधाओं में वृद्धि होगी।

भारत पाक सीमा स्थित बीकानेर जिले की सांचू पोस्ट भारत-पाकिस्तान के 1965 और 1971 के युद्धों की ऐतिहासिक गवाह रही है। यह पोस्ट केवल एक सीमा चौकी नहीं, बल्कि भारतीय जवानों की वीरता, साहस और रणनीतिक कौशल का प्रतीक मानी जाती है। दोनों युद्धों के दौरान सांचू पोस्ट ने भारतीय सेना और सुरक्षा बलों के लिए अहम भूमिका निभाई थी।
सांचू पोस्ट पहुंचने से पहले अमित शाह ने सांचू माता मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की और देश की सुरक्षा एवं समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने प्रहरी शस्त्र गैलरी का अवलोकन किया, जहां बीएसएफ द्वारा उपयोग में लाई जा रही आधुनिक हथियार प्रणाली और तकनीकों की जानकारी दी गई।

गृह मंत्री ने सीमा सुरक्षा में उपयोग हो रही आधुनिक ड्रोन तकनीक की कार्यप्रणाली को भी करीब से देखा और अधिकारियों से इसकी उपयोगिता एवं संचालन को लेकर जानकारी ली। उन्होंने सीमा सुरक्षा में तकनीक के बढ़ते महत्व पर भी चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस मौके पर केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन मेघवाल बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
अमित शाह मंगलवार को वापस बीकानेर पहुंचने के बाद बीकानेर के बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय में सीमावर्ती अंतरराष्ट्रीय भारत-पाक सीमा से लगते 5 जिलों के कलेक्टर और SP के साथ संवाद करेंगे। इस हाई लेवल मीटिंग में सीमा पार से हो रही ड्रोन से हथियारों और मादक पदार्थ की तस्करी, सीमा सुरक्षा की व्यवस्था सहित अन्य मुद्दों को लेकर चर्चा होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *