चड्ढा के खेल के बाद आप पार्टी का संकट गहराया

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के सात सांसदों के पार्टी छोड़ने के बाद आप पार्टी की मान्यता पर खतरा मंडराने लगा है। आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा सहित सात सांसदों ने अरविंद केजरीवाल का साथ छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। राघव चड्ढा के साथ संदीप पाठक, अशोक मित्तल और हरभजन सिंह समेत कुल 7 राज्यसभा सांसदों ने भाजपा में शामिल होने का फैसला लिया है।
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने घटना को लेकर ट्वीट किया, “आज, भारत के संविधान के प्रावधानों का प्रयोग करते हुए, राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई से अधिक सांसदों का भाजपा में विलय हो गया है। सात सांसदों ने उस दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसे राज्यसभा के माननीय अध्यक्ष को सौंपा गया था। मैंने, दो अन्य सांसदों के साथ, व्यक्तिगत रूप से हस्ताक्षरित दस्तावेज़ सौंपे।
चड्ढा ने ‘आप’ पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जिस आम आदमी पार्टी को मैंने अपने खून पसीने से सींचा अपनी जवानी के 15 साल दिए वो अपने सिद्धांत से भटक गई है. इस बड़ी टूट से आम आदमी पार्टी के अस्तित्व पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

आप नेता संजय सिंह ने इस मामले को लेकर अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा है कि वह पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान के कामों में बाधा डालने के लिए सब कुछ कर रहे हैं, लेकिन पंजाब की जनता देख रही है। वह कभी भी भाजपा को माफ नहीं करेगी।
इधर आप के राज्यसभा सांसदों के भाजपा में शामिल होने पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ का कहना है कि आम आदमी पार्टी का भ्रष्टाचार जनता के सामने आया है. आज वे जनता के सामने एक्सपोज हो गए हैं। सच सामने आया है।

आप सांसदों के भाजपा में शामिल होने पर आप की चीफ नेशनल स्पोक्सपर्सन प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि सब जानते हैं कि आम आदमी पार्टी का पंजाब में कोई लीडर नहीं है। सब यह भी जानते हैं कि वहां कांग्रेस लगभग खत्म हो चुकी है। इसलिए इस बार भाजपा ने आप नेताओं को तोड़ दिया, लेकिन मैं आपको बता सकती हूं कि पंजाबी देख रहे हैं कि जिन 7 सांसदों को उन्होंने संसद भेजा था, उन्होंने अब उस पार्टी को सपोर्ट किया है, जिसने 800 किसानों को मारा। भाजपा किसानों को आतंकवादी कहती है और इन 7 सांसदों ने आज उनका सपोर्ट किया। यह ‘गद्दारी’ से कम नहीं है। जनता इसका जवाब देगी।
कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने भी राघव चड्ढा और अन्य सांसदों के बीजेपी में शामिल होने पर कहा कि केजरीवाल विवेकानंद फाउंडेशन में बैठने वाले लोग हैं। उस फाउंडेशन में बाबा राम देव भी बैठे है और जो लोग हैं वही बैठे हैं। उन्हीं लोगों ने आंदोलन की शुरूआत की. ये वहीं से निकला है। ये भाजपा की बी टीम हैं और ओरिजनल पार्टी में जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी और भाजपा में अंतर नहीं है ये लोग मुख्यधारा में वापस पहुंच गए। केजरीवाल कब जाते हैं ये देखने की बात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *