जयपुर। आम आदमी पार्टी के 7 सांसदों के भाजपा में शामिल होने के बाद राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के बड़े नेता अशोक गहलोत ने कहा कि इन्होंने वॉशिंग मशीन पकड़ रखी है, जो नेताओं पर लगे आरोप धो देती है। भाजपा वाले अपनी हरकतों से बाज नहीं आएंगे। ये देश में लगातार डेमोक्रेसी की हत्या कर रहे हैं।
जयपुर हवाई अड्डे पर मीडिया से बात करते हुए गहलोत ने कहा कि सबके सामने डेमोक्रेसी कमजोर हो रही है, यह मानना पड़ेगा। सब एजेंसियां इनके काबू में हैं। सांसद अशोक मित्तल के घर अभी छापे पड़े। भाजपा ने पहले राघव चड्ढा को भी तंग किया था,बाकि लोग भी जो इनके साथ हैं, उनके नाम सरकार ने शराब घोटाले में डाल रखे हैं। यह इनकी पॉलिसी है।
गहलोत ने कहा कि ऐसा करके ये बड़े खुश हो रहे होंगे, जबकि पूरा देश देख रहा है कि क्या हो रहा है। पीएम मोदी और अमित शाह को भ्रम है। अब इनका भ्रम टूटेगा। देशभर में लोग समझ गए हैं कि ये हिंदुत्व के नाम पर राजनीति करते हैं,जबकि इन्होंने हिंदुत्व को मजबूत करने क्या काम किया? खाली भड़काने के अलावा क्या काम किया?
गहलोत बोले कि अब आज ये जो घटना हुई है, वह क्या कम है? वे बोले- वॉशिंग मशीन लगी हुई है, सब बिल्कुल ठीक हो जाएंगे. किसी के खिलाफ में कोई केस रहेगा ही नहीं। इन्होंने जो वॉशिंग मशीन पकड़ रखी है। उससे इन्होंने महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश में कांग्रेस को तोड़ा और राजस्थान में भी कमी नहीं रखा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ की ओर से बार-बार कांग्रेस का जिक्र करने पर गहलोत ने कहा कि वे लोग चाहते हैं कि मैं मानेसर जाने वाले मामले में सचिन पायलट का नाम लूं। वे चाहते हैं कि नाम लें तो हमारे बीच लड़ाई शुरू हो जाए। गहलोत ने इसका दोष भाजपा को दिया और कहा कि आप यह बताओ कि कितने लोगों के साथ हॉर्स ट्रेडिंग की। आपने छोड़ा क्या राजस्थान वालों को? हम तो एकजुट हैं।
गहलोत बोले कि आपने कोई कमी रखी क्या? राजस्थान में हम लोग इनके कुकर्मों और कुकृत्यों के कारण 34 दिन होटलों में रहे थे। भाजपा के जो नेताओं की करनी क्या जनता समझ नहीं रही? चुनाव में हम लोग कामयाब नहीं हो पाए। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने खूब झूठ बोले थे। कई झूठे आरोप भी लगाए, पांच लाख का और 50 लाख का। चुनाव जीतना अलग बात है, लेकिन भाजपा वाले तमाशा कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल में क्या हो रहा है, सब देख रहे हैं. इनका लोकतंत्र में भरोसा नहीं है। अब भी देश के लोग और नई पीढ़ी नहीं समझी तो सबको भुगतना पड़ेगा।
पश्चिम बंगाल चुनाव में बंपर वोटिंग को लेकर गहलोत ने कहा कि चुनाव में बाइक पर बैन लगाने को लेकर हाईकोर्ट ने इलेक्शन कमीशन को लताड़ लगाई है। रोक के बावजूद बंपर वोटिंग हुई है। गहलोत ने कहा कि यह तो पता पड़ेगा कि किन कारणों से वहां रिकॉर्ड वोटिंग हुई है। 4 मई को यह सबको मालूम चल जाएगा। जो सामने दिख रहा है इस प्रकार की दादागिरी से, गुंडागर्दी से, SIR के माध्यम से वोट काट कर अगर खेल खेला गया है तो सामने आ जाएगा। इसके लिए 4 मई को इंतजार करना पड़ेगा।