छुट्टियों में सीख रहे हुनर,निखर रही बच्चों की प्रतिभाएं
जयपुर। संस्कृति सोशल क्लब एवं रोटरी क्लब जयपुर रॉयल्स के संयुक्त तत्वावधान में मदर मेमोरियल स्कूल, विद्याधर नगर (नया खेड़ा) में आयोजित 15 दिवसीय निःशुल्क समर ट्रेनिंग कैंप बच्चों के लिए प्रतिभा संवर्धन का केंद्र बना हुआ है। शिविर में बड़ी संख्या में बच्चे उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न रचनात्मक एवं व्यक्तित्व विकास गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
संस्कृति सोशल क्लब की अध्यक्ष अनीता दीपक गुप्ता ने बताया कि शिविर में करीबन 150 बच्चों को मेहंदी, डांस, स्केचिंग, पेपर मैसी, फैशन आर्ट, आर्ट एंड क्राफ्ट, फ्लावर मेकिंग, न्यूमेरोलॉजी तथा मार्शल आर्ट सहित अनेक गतिविधियों का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर के लिए पंजीकरण अभी भी जारी है तथा अभिभावकों का भी उत्साहजनक सहयोग मिल रहा है।
रोटरी क्लब जयपुर रॉयल्स की अध्यक्ष पूनम बगड़िया एवं सचिव रमेश गोयल ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। क्लब का उद्देश्य बच्चों को अवकाश के समय का रचनात्मक उपयोग करने, उनकी छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने तथा आत्मविश्वास विकसित करने के अवसर उपलब्ध उपलब्ध कराना है। दोनों पदाधिकारियों ने शिविर की गतिविधियों का अवलोकन कर प्रतिभागी बच्चों एवं प्रशिक्षकों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में क्लब सदस्य अनीता सैनी, रूपा अग्रवाल, शशि शर्मा एवं संतोष गुप्ता का विशेष सहयोग रहा। वहीं विद्यालय की प्राचार्या रुचि पारीक तथा शालिनी अग्रवाल एवं तृप्ति अग्रवाल ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर का भव्य समापन समारोह 8 जून को आयोजित किया जाएगा। समारोह में बच्चे शिविर के दौरान सीखी गई विभिन्न कलाओं, हस्तनिर्मित वस्तुओं, नृत्य एवं मार्शल आर्ट की प्रस्तुतियां मंच पर देंगे। आयोजन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।