जयपुर। जयपुर नगर निगम में उपमहापौर पद के लिए शनिवार को हुए मतदान के बाद घोषित परिणामों में भाजपा की सरोज कंवर ने कांग्रेस के सलमान मंसूरी को हराकर जीत हासिल की।
नामांकन प्रक्रिया के बाद निर्धारित समय के दौरान पार्षदों ने मतदान किया और इसके बाद मतगणना की प्रक्रिया पूरी की गई। मतदान को देखते हुए नगर निगम मुख्यालय में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जयपुर नगर निगम उपमहापौर के लिए कुल 149 मत पड़े। जिसमें भाजपा की सरोज कंवर को 89 वोट और कांग्रेस के सलमान मंसूरी को 58 वोट मिले। एक वोट खारिज हुआ।
इससे पहले डिप्टी मेयर पद के लिए दोपहर 2.30 बजे से नगर निगम मुख्यालय में मतदान कराया गया। इस चुनाव में भाजपा की सरोज कंवर और कांग्रेस के सलमान मंसूरी के बीच सीधा मुकाबला था। इसके पहले शुक्रवार को हुए महापौर चुनाव में भाजपा के सुनील कोठारी ने कांग्रेस की सुनीता मावर को 29 वोट से हराकर जीत दर्ज की थी। इस प्रकार जयपुर नगर निगम की मेयर और डिप्टी मेयर की सीट अब भाजपा के पास आ गई है। आज हुए मतदान के दौरान एक पार्षद वोट देने नहीं पहुंची, एक वोट नोटा का गया और एक वोट खारिज हो गया।
भाजपा के पार्षद करीब 15 दिन से प्रशिक्षण शिविर में थे। मतदान के लिए उन्हें बसों के जरिए एक साथ निगम मुख्यालय लाया गया। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद भाजपा पार्षद प्रशिक्षण शिविर से अपने घरों के लिए रवाना हुए। वहीं कांग्रेस पार्षदों ने भी मतदान में हिस्सा लिया। जयपुर नगर निगम में कुल 150 वार्ड हैं और शनिवार को 149 पार्षदों ने मतदान किया। भाजपा की ओर से सरोज कंवर को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद पार्टी ने महिला पार्षद पर दांव लगाया था, जबकि कांग्रेस ने सलमान मंसूरी को मैदान में उतारा था। मतदान के दौरान भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता निगम मुख्यालय में मौजूद नहीं रहे।