भरतपुर। नगर निकाय चुनाव के नतीजों को लेकर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस नेता विश्वेन्द्र सिंह ने फेसबुक पोस्ट के जरिए पार्टी के दोनों जिलाध्यक्षों पर सीधा निशाना साधते हुए निकाय चुनाव में पार्टी की हार के लिए टिकट वितरण को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर सवाल उठाए।
पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेन्द्र सिंह ने अपनी फेसबुक पोस्ट में कांग्रेस के जिला अध्यक्षों को निशाने पर लिया। उन्होंने लिखा, भरतपुर-डीग कांग्रेस का बंटाधार- जिम्मेदार कौन? उन्होंने लिखा, नगर निकाय में कांग्रेस की हार का एक ही कारण है- दोनों जिलाध्यक्षों ने चहेतों को टिकट बांटे और असली कार्यकर्ताओं को दरकिनार किया। जनता ने सबक सिखा दिया। पहले निकाय चुनाव में जनता को इन लोगों ने कब्र में दफनाया था, लेकिन जनता अब भी तैयार बैठी है। इस बार चुनाव में जनता दोनों जिलाध्यक्षों और इनको बचाने वाले प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को उसी कब्र में दफनाने को तैयार है।
सिंह ने आगे लिखा कि ‘ये सीएम का गृह जिला है। यहां कांग्रेस मजबूत होनी चाहिए थी, पर इन लोगों ने पार्टी को डूबो दिया. प्रदेश अध्यक्ष मूक-बधिर बना बैठा है। जब तक ये दोनों कुर्सी पर हैं, कांग्रेस का उठना नामुमकिन है। प्रदेश नेतृत्व होश में आओ।
भरतपुर नगर निगम के 65 वार्डों के चुनाव परिणाम कांग्रेस के लिए चुनौतीपूर्ण रहे। यहां भाजपा ने 20, कांग्रेस ने 7 और निर्दलीयों ने 36 वार्ड में जीत हासिल की। जिले के निकाय चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस संगठन के भीतर टिकट वितरण, प्रत्याशियों के चयन और स्थानीय नेतृत्व की भूमिका को लेकर बहस तेज हुई है। विश्वेन्द्र सिंह की ताजा पोस्ट इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि में सामने आई है।