जयपुर। राजधानी के बड़ी चौपड़ स्थित पुरोहित जी के कटले में गुरुवार सुबह भीषण आग लगने से करीब दो दर्जन दुकान चपेट में आ गई। यहां संकड़ी गलियां होने की वजह से आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी है। ऐसे में दुकानों का भारी नुकसान हुआ है।
आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। कपड़ों के गोदाम, प्लास्टिक का सामान, चूड़ी- बैंगल्स समेत दुकानों में रखा काफी सामान जलकर राख हो गया। प्रशासन की ओर से क्षेत्र में बिजली सप्लाई को बंद करवाया गया है।
माणक चौक थाना अधिकारी राकेश ख्यालिया ने बताया कि गुरुवार सुबह बड़ी चौपड़ के पास पुरोहित जी के कटले के कॉम्प्लेक्स में आग लगने की सूचना मिली। आग लगने से दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा तफरी का माहौल बन गया। आग लगने की सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ियों से दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए आसपास से लोगों को दूर हटवाया।
बड़ी चौपड़ सबसे व्यस्ततम व्यापारिक की इलाकों में शामिल है। यहां पर कटले और कॉम्प्लेक्स में बड़ी संख्या में दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित होते हैं। ऐसे में परिसर के अंदर आग लगने के बाद आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकना बड़ी चुनौती बन गया। प्रारंभिक जानकारी में आग काफी तेज बताई जा रही है। दमकल कर्मी परिसर के प्रभावित हिस्से तक पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं।
आग की घटना से कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल पर कपड़ों की दुकान के बाहर रखे कार्टन भी आग की चपेट में आ गए। करीब 18 से 20 दुकानें आग की चपेट में आ गई हैं। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। कटले में ज्यादातर दुकान कपड़ों की हैं। कपड़ों के कारण आग जल्दी फैल गई। बरामदों में भी कपड़े के समान आग की चपेट में आ गए। करीब 25 से 30 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर आग को पूरी तरफ बुझाने का प्रयास कर रही हैं। नगर निगम और पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद हैं।