राजसमंद। नाथद्वारा नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए हाई वोल्टेज ड्रामा चला और सांसद, विधायक को भी धरने पर पहुंचकर पुलिस अधीक्षक से चर्चा करनी पड़ी। क्योंकि अध्यक्ष बनने के दावेदार ही अगर गायब हो जाए,साथ में दो पार्षद भी गायब हो जाए, तो फिर सत्ताधारी दल के लिए चिंता हो ही जाती है। आज वे ड्रामा समाप्त हो गया जब अध्यक्ष पद के दावेदार प्रदीप काबरा और दो पार्षद वापस लौट आए।
दरअसल ड्रामा इसलिए हुआ कि जब काबरा के नाम पर सहमति नहीं बनी, तो वह अचानक गायब हो गए और साथ में दो पार्षद भी। उधर परेश सोनी ने अध्यक्ष पद का नामांकन दाखिल कर दिया।
अब नगरपालिका नाथद्वारा में भाजपा प्रत्याशी प्रदीप काबरा गुरुवार सुबह घर लौट आए हैं। उनके साथ वार्ड 1 के भाजपा प्रत्याशी चन्द्रप्रकाश जोशी भी हैं। इसके अलावा वार्ड 15 से भाजपा प्रत्याशी हीना पुरोहित और वार्ड 17 से भाजपा पार्षद महेश दवे भी घर लौट आए हैं, जिनके घर परिजन का निधन हो गया था। इससे पहले बुधवार रात को नगरपालिका नाथद्वारा में चेयरमैन के लिए भाजपा के प्रबल दावेदार प्रदीप काबरा के लापता होने पर आधी रात तक परिजन व शहरवासी तहसील कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए थे।
लोगों के विरोध पर सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ व विधायक विश्वराज मेवाड़ भी मौके पर पहुंचे और एसपी से फोन पर बात की। बाद में विधायक ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ से भी बात की, जिस पर राठौड़ ने कहा कि प्रदीप काबरा उनके परिवार के सदस्य हैं। बेवजह भ्रमित होने की जरूरत नहीं है। उनका न तो अपहरण हुआ है और न ही ऐसी कोई बात है। आश्वासन के बाद रात करीब 12 बजे धरना समाप्त हुआ।
जानकारी के अनुसार नगरपालिका नाथद्वारा में 20 सीटें भाजपा ने जीती हैं, जबकि 19 कांग्रेस और एक निर्दलीय ने जीती हैं। निर्दलीय पार्षद भी भाजपा खेमे के साथ हैं। कथित तौर पर भाजपा खेमे के पार्षदों के बीच चेयरमैन प्रत्याशी प्रदीप काबरा के नाम पर एक राय नहीं हो पाई। इस बीच अचानक प्रदीप काबरा लापता हो गए और इस दौरान परेश सोनी ने नाथद्वारा पहुंचकर चेयरमैन प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया। पार्टी की ओर से उन्हें सिंबल दे दिया गया है। इसके बाद प्रदीप काबरा के समर्थक और परिजन नाराज हो गए और तहसील के बाहर धरने पर बैठ गए।
उन्होंने नाथद्वारा थाने व चारभुजा थाने से लेकर जिला पुलिस अधीक्षक तक को लापता व अपहरण होने की रिपोर्ट भी दे दी। रात करीब 8 बजे तक प्रदीप काबरा के बारे में पता नहीं चलने पर नाथद्वारा विधायक विश्वराजसिंह मेवाड़ व सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ भी नाथद्वारा तहसील कार्यालय पहुंचीं। वहां लोगों ने परेश सोनी को चेयरमैन प्रत्याशी बनाने पर नाराजगी व्यक्त की लोगों के आक्रोश व नाराजगी काे देखते हुए विधायक व सांसद ने मौके से एसपी हेमंत कलाल से बात की।
इसपर एसपी ने कहा कि पुलिस तलाश में जुटी है। बाद में सांसद महिमा कुमारी ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ से बात की। इस पर राठौड़ ने कहा कि अपहरण जैसी कोई बात ही नहीं है। सुबह तक वे नाथद्वारा पहुंच जाएंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के आश्वासन के बाद सांसद व विधायक धरना स्थल उठे और लोगों को भी धरना समाप्त करने के लिए कहा। बाद में करीब 12 बजे बाद तहसील कार्यालय से धरना समाप्त हाे गया।
प्रदीप काबरा के लापता होने के बाद तहसील के बाहर धरने में शामिल सुरेश पुरोहित की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद गोवर्धन राजकीय जिला चिकित्सालय में देर रात उसका निधन हो गया। प्रथम दृष्टया हृदयाघात बताया जा रहा है। सुरेश पुरोहित, जो कि वार्ड 15 के पार्षद महेश दवे के मामा और वार्ड 17 की पार्षद हीना पुरोहित के बड़े ससुर हैं। परिजनों का आरोप है कि काबरा का अपहरण होने के बाद सुरेश पुरोहित काफी घबरा गए। हालांकि, सांसद व विधायक ने समझाया। साथ ही अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक भी मौके पर पहुंचे और उनके आश्वासन के बाद देर रात आक्रोशित लोग शांत हुए और धरना खत्म हुआ।