जयपुर। आखिरकार जयपुर में शाम को डर का वातावरण समाप्त हुआ और इंटरनेट सेवाएं बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
दरअसल मालवीय नगर के जगतपुरा-नंदपुरी रोड को चौड़ा करने को लेकर बड़ा प्रशासनिक अभियान चलाया गया था। इससे पहले जयपुर में नेटबंदी के कारण अलग ही माहौल बन गया था। नंदपुरी अंडरपास के पास रेलवे लाइन के समानांतर बनी सड़क को 80 फीट चौड़ा करने के लिए सड़क सीमा में आ रहे धार्मिक और अन्य निर्माणों पर बुलडोजर चलाया गया। कार्रवाई के दौरान 5 धार्मिक स्थल सहित 12 निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
सुबह से ही नंदपुरी अंडरपास और आसपास के क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई। प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से कार्रवाई वाले इलाके की बिजली आपूर्ति भी अस्थायी रूप से बंद कर दी। एहतियात के तौर पर इंटरनेट सेवाओं पर भी रोक लगाई गई, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना न फैल सके।
पुलिस अधिकारी सरोज धायल ने बताया कि सेक्टर रोड को चौड़ा करने के लिए जेडीए की ओर से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि सोमवार की कार्रवाई में 12 अवैध निर्माणों को हटाया गया है। इस दौरान स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण बनी रही और किसी प्रकार का विरोध सामने नहीं आया। स्थानीय लोगों ने भी शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया।
कार्रवाई के दौरान लोखंडा मशीन मंगवाई गई थी,ताकि अतिक्रमण हटाने मे काम लिया जा सके। भारी-भरकम लोहे के ढांचों, स्टील स्ट्रक्चर और मजबूत अतिक्रमणों को ध्वस्त करने के लिए ये मशीन बैकअप के तौर पर तैयार रखी गई थी। हालांकि लोखंडा मशीन का उपयोग करने की आवश्यकता नहीं पड़ी। हाल ही में दिल्ली में एक होटल के अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई में इसी मशीन का इस्तेमाल किया गया था।
करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी ये सड़क कई स्थानों पर केवल 25 से 30 फीट चौड़ी थी, जबकि रिकॉर्ड में इसकी चौड़ाई 80 फीट दर्ज है। ये मार्ग नंदपुरी अंडरपास को जगतपुरा से जोड़ता है और आसपास की कई कॉलोनियों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। नंदपुरी रोड चौड़ीकरण को लेकर हुई ये कार्रवाई जयपुर के हाल के सबसे संवेदनशील अतिक्रमण हटाओ अभियानों में गिनी जा रही है। प्रशासन जहां इसे शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में जरूरी कदम बता रहा है, वहीं पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई।