संविधान विरोधी भाजपा सरकार के राज में लोकतंत्र खतरे में, बाबासाहेब के आदर्शों पर हो रहे प्रहार: टीकाराम जूली, नेता प्रतिपक्ष राजस्थान विधानसभा
जयपुर । राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मंगलवार को संविधान शिल्पी, भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जयपुर स्थित अंबेडकर सर्किल पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान पत्रकारों से वार्ता करते हुए श्री जूली ने प्रदेश की वर्तमान भाजपा सरकार पर संविधान की अवहेलना और लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के पश्चात जूली ने कहा कि बाबासाहेब ने देश को विश्व का सबसे खूबसूरत और मजबूत संविधान दिया है, जिसकी बदौलत आज हमारा लोकतंत्र जीवित है। उन्होंने बाबासाहेब के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर ने दलितों, पिछड़ों और महिलाओं को मुख्यधारा में लाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
उन्होंने तुलना करते हुए बताया कि अमेरिका जैसे विकसित देश में महिलाओं को समानता का अधिकार पाने में 100 साल लग गए, जबकि भारत में संविधान लागू होते ही महिलाओं को कानूनन बराबरी का हक मिला।
राजस्थान की स्थिति को विकट बताते हुए जूली ने कहा कि प्रदेश में पंचायती राज और नगर निकाय के चुनाव समय पर नहीं कराना सीधे तौर पर संविधान पर हमला है। उन्होंने कहा कि सरकार संविधान में लिखित प्रावधानों को मानने को तैयार नहीं है। ताज्जुब की बात है कि सरकार इन चुनावों को आगे खिसकाने के लिए कोर्ट गई है और एक साल का समय मांग रही है। उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेशों के बावजूद सरकार का यह ढुलमुल रवैया संवैधानिक संस्थाओं का अपमान है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
जूली ने कड़े शब्दों में कहा कि भाजपा का बाबासाहेब के प्रति सम्मान मात्र एक ढोंग है। उन्होंने कहा कि भाजपा का बाबासाहेब की विचारधारा से कभी कोई सरोकार नहीं रहा, लेकिन लोकतंत्र में वोटों की गिनती के कारण वे आज सम्मान का दिखावा करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के मन में गरीबों और पिछड़ों के प्रति कोई जगह नहीं है, जिसका प्रमाण कांग्रेस सरकार द्वारा चलाई गई जनहितकारी योजनाओं को बंद करना है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वर्तमान सरकार अन्नपूर्णा राशन किट और मनरेगा जैसी योजनाओं को खत्म करने पर तुली है। गरीबों की पेंशन में देरी की जा रही है और आरक्षण को सही ढंग से लागू नहीं किया जा रहा है। उन्होंने रोस्टर रजिस्टर की पालना न होने और लंबित भर्तियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार की मंशा युवाओं को रोजगार देने या सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने की कतई नहीं है। भाजपा केवल सत्ता के मोह में बाबासाहेब के नाम का सहारा ले रही है, जबकि धरातल पर उनकी नीतियों के विपरीत काम कर रही है।
केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर निशाना साधते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जब से भाजपा सत्ता में आई है, संविधान पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ED), आयकर विभाग (Income Tax), सीबीआई (CBI) और चुनाव आयोग जैसी स्वतंत्र एजेंसियों का राजनीतिक स्वार्थ के लिए दुरुपयोग किया जा रहा है। श्री जूली ने कहा कि आज देश में ऐसा माहौल बना दिया गया है जहाँ संवैधानिक मर्यादाओं को ताक पर रख दिया गया है।