राहुल गांधी की छात्रों के लिए गूंज गली गली ले जाएगी कांग्रेस

 

जयपुर। जयपुर शहर जिला कांग्रेस की ओर से इंदिरा गांधी भवन स्थित प्रदेश मुख्यालय में “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष  गोविंद सिंह डोटासरा, जयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक अमीन कागज़ी, पूर्व विधायक गंगादेवी, आर.आर. तिवारी, अर्चना शर्मा, पुष्पेन्द्र भारद्वाज, ललित तूँनवाल, एम.डी. चोबदार सहित शहर के हज़ारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में बोलते हुए डोटासरा ने कहा कि राहुल गांधी सच्चे मन से छात्रों का भला चाहने वाले हैं। तभी तो वे पूरे देश में घूम-घूमकर छात्रों के हित की बात कर रहे हैं। यह राजस्थान का सौभाग्य है कि इसकी शुरुआत उन्होंने राजस्थान से की है। डोटासरा ने मंत्री किरोड़ीलाल मीणा पर हमला बोलते हुए कहा कि जब मीणा की चोरी पूरे राजस्थान ने देख ली, तो अब वे लोगों का ध्यान भटकाने के लिए इधर-उधर आरोप मढ़ रहे हैं। सच बात तो यह है कि मीणा की हरकतें वैसी ही हैं, जिसके लिए एक कहावत भी है—“चोर मचाए शोर।”

जयपुर शहर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने लगातार तीन वर्षों तक नीट परीक्षा के पेपर लीक कराकर हैट्रिक बनाई है। अब तो बच्चे इस व्यवस्था से इतने नाराज़ हैं कि पिछले एक महीने में सोलह से अधिक बच्चों ने आत्महत्या कर ली है। सरकार पर हमला बोलते हुए सुनील शर्मा ने कहा कि जयपुर की कांग्रेस इस बात को बर्दाश्त नहीं करेगी कि हमारे नेताओं के खिलाफ कभी ईडी, कभी आयकर विभाग और कभी एसओजी का इस्तेमाल कर उन्हें बदनाम किया जाए। यदि सरकार इस प्रकार का दुस्साहस करती है, तो उसका जवाब सड़कों पर दिया जाएगा।

कार्यक्रम में बोलते हुए पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांके। यदि सरकार कांग्रेस नेताओं को अपनी एजेंसियों के माध्यम से परेशान करती है, तो कांग्रेस पार्टी इसका मुँहतोड़ जवाब देगी।

कार्यक्रम को विधायक अमीन कागज़ी, पूर्व विधायक गंगादेवी, पूर्व अध्यक्ष आर.आर. तिवारी, अर्चना शर्मा, विक्रम सिंह शेखावत, सह-प्रभारी रघुवीर सिंह तथा पुष्पेन्द्र भारद्वाज ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम से पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं से खचाखच भरे सभागार में राहुल गांधी जी का कोटा में दिया गया शानदार उद्बोधन विशाल एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *