पेट्रोल-डीजल और गैस की लूट के खिलाफ सड़कों पर उतरी कांग्रेस

 

खाचरियावास के नेतृत्व में पेट्रोल-डीजल और गैस की लूट के खिलाफ सड़कों पर उतरी कांग्रेस, केंद्र सरकार का फूंका पुतला

पेट्रोल-डीजल और गैस के दाम बढ़ाकर जनता को लूट रही भाजपा सरकार : खाचरियावास

जयपुर। पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास के नेतृत्व में आज कलेक्ट्रेट सर्किल पर पेट्रोल, डीजल और गैस के लगातार बढ़ते दामों के विरोध में केंद्र की भाजपा सरकार का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने
“पी गई पेट्रोल, खा गई तेल, महंगाई बढ़ाने का बीजेपी का खेल”,
“पैट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर की मार से रो रहे लोग, मजे ले रही है भारत सरकार!”महंगाई वृद्धि वापस लो नारे के साथ पुतला दहन किया और “पेट्रोल-डीजल, गैस-सिलेंडर महंगा कर दिया, भारत सरकार ने जनता का जीना तंग कर दिया!”

जैसे आक्रोशपूर्ण नारों के साथ केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रताप सिंह खाचरियावास ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार रोज आम जनता की जेब पर डाका डाल रही है। पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर के दामों में लगातार बढ़ोतरी कर आम आदमी का जीना मुश्किल कर दिया गया है। गरीब, मजदूर, किसान, मध्यम वर्ग हर वर्ग महंगाई की मार से त्रस्त है, लेकिन दिल्ली की भाजपा सरकार सत्ता के अहंकार में जनता की पीड़ा सुनने को तैयार नहीं है।

खाचरियावास ने कहा कि केंद्र सरकार रोजाना पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम बढ़ा रही है, उन्हें शर्म करनी चाहिए। जनता महंगाई से कराह रही है और भाजपा सरकार सिर्फ बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री ने चुनाव के समय जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे कि पेट्रोल-डीजल, गैस और महंगाई कम करेंगे, जनता को राहत देंगे, लेकिन सत्ता में आते ही सारे वादे भूल गए। आज हालत यह है कि लोग रोटी, गैस और पेट्रोल के खर्च से टूट चुके हैं। जनता पूछ रही है कि आखिर घर कैसे चलाए? क्या गरीब आदमी खाना छोड़ दे? क्या आम आदमी मर जाए?

खाचरियावास ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर के दाम कम नहीं किए गए तो यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ता आम आदमी के साथ सड़कों पर उतरकर भाजपा सरकार को नींद से जगाने का काम करेंगे। भाजपा सरकार पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी है और आम जनता को महंगाई की आग में झोंक दिया गया है। कांग्रेस पार्टी जनता के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लगातार लड़ती रहेगी और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का हर स्तर पर विरोध जारी रहेगा।

खाचरियावास के साथ इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पार्षद, ब्लॉक अध्यक्ष, पार्षद प्रत्याशी, वार्ड अध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *