कांग्रेस का जेन-जी आउटरीच कैंपेन GenZ for change का शुभारंभ

 

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म्स डिपार्टमेंट ने की प्रदेशस्तरीय प्रोफेशनल जेन-जी कमेटी की घोषणा

आगामी निगम एवं पंचायत चुनावों के लिए जेन-जी आउटरीच कैंपेन GenZ for change का शुभारंभ

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म्स डिपार्टमेंट की ओर से प्रदेशस्तरीय प्रोफेशनल जेन-जी कमेटी की घोषणा की गई। कमेटी की सिफारिशों के आधार पर आगामी नगर निकाय एवं पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए जेन-जी आउटरीच कैंपेन GenZ for change का भी शुभारंभ किया गया।
डिपार्टमेंट के स्टेट चेयरमैन सुमित भगासरा इस अवसर पर कहा गया कि जेन-जी की आवश्यकताओं, समस्याओं और आकांक्षाओं को जेन-जी के युवा ही बेहतर ढंग से समझ सकते हैं। इसलिए इस प्रोफेशनल GenZ कमेटी की आवश्यकता महसूस हुई। आज जेन-जी स्टूडेंट्स शिक्षा के गिरते स्तर, रोजगार के सीमित अवसरों, स्किल गैप और अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। देशभर में छात्रों की आवाज़ को समझने और उनसे सीधे संवाद करने के लिए श्री राहुल गांधी जी भी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के माध्यम से स्टूडेंट्स से संवाद कर रहे हैं।
राजस्थान कांग्रेस सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म्स डिपार्टमेंट इस प्रोफेशनल जेन-जी कमेटी के सहयोग से युवाओं के स्किल डेवलपमेंट, करियर काउंसलिंग और डिजिटल सशक्तिकरण के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगा। इनमें निःशुल्क AI वर्कशॉप्स, इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स के साथ इंटर्नशिप के अवसर, कंटेंट क्रिएटर्स को लीगल सपोर्ट तथा स्टूडेंट्स के करियर काउंसलिंग के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन सेमिनार प्रमुख रूप से शामिल हैं।
राजस्थान के अधिक से अधिक जेन-जी स्टूडेंट्स तक पहुंच बनाने के लिए जिला स्तर पर भी इसी प्रकार की जेन-जी कमेटियां गठित की जाएंगी। ये कमेटियां स्थानीय कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में जेन-जी स्टूडेंट्स के साथ सीधे संवाद करेंगी और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को प्रदेश स्तर तक पहुंचाने का कार्य करेंगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान GenZ कमेटी मेम्बर IITian डेटा एनालिस्ट मोहित कुमार ने युवाओं के लिए प्रस्तावित AI वर्कशॉप्स की प्रस्तुति दी। एडवोकेट अनिरुद्ध सिंह ने कंटेंट क्रिएटर्स को लीगल एडवाइस एवं लीगल सपोर्ट उपलब्ध कराने से संबंधित प्रस्तुति दी।
सवाई मानसिंह अस्पताल एवं SMS मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर बंटी शर्मा ने मेडिकल स्टूडेंट्स से जुड़ी समस्याओं पर प्रकाश डाला तथा मेडिकल स्टूडेंट्स के करियर काउंसलिंग के लिए अपनी टीम की उपलब्धता के बारे में जानकारी दी। नेशनल प्लेयर और शूटिंग कोच पूजा चौधरी ने खेलों में गर्ल्स की स्थिति के बारे में बताया, वहीं गिरीश शर्मा ने कंटेंट क्रिएशन और इससे जुड़े अवसरों के बारे में जानकारी साझा की। IITian और एंटरप्रेन्योर राहुल परमार स्टॉर्टअप और एंटरप्रिन्योरशिप के बारे में स्टूडेंट्स को मार्गदर्शन देंगे।
यह कैंपेन आगामी पंचायत एवं नगर निकाय चुनावों के दौरान जारी रहेगा। कैंपेन के समापन पर राजस्थान के जेन-जी युवाओं की स्थानीय स्तर की समस्याओं एवं सुझावों पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय एवं श्री राहुल गांधी जी को प्रेषित किया जाएगा, ताकि इन समस्याओं को उच्च स्तर पर उठाकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा सकें।
युवाओं एवं स्टूडेंट्स को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस अवसर पर स्टूडेंट सपोर्ट के लिए एक हेल्पलाइन नंबर +91 89550 90908 व email address – socialmediarpcc@gmail.com भी जारी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *