जयपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस ने राजस्थान nsui के अध्यक्ष विनोद जाखड़ को नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ़ इंडिया (एनएसयूआई) का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। एआईसीसी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आदेश जारी किए हैं। जाखड़ एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी का स्थान लेंगे।
विनोद जाखड़ ने एनएसयूआई से टिकट नहीं मिलने पर 2018 में राजस्थान यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव बागी होकर लड़ा था और जीत दर्ज की थी, लेकिन बाद में उन्होंने संगठन में वापसी की। बाद में उन्हें राजस्थान एनएसयूआई का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया और अब वे राजस्थान से राष्ट्रीय स्तर पर इस पद तक पहुंचने वाले पहले नेता बन गए हैं। एनएसयूआई के इतिहास में ये पहला अवसर है जब राजस्थान से किसी कार्यकर्ता को राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विनोद जाखड़ वर्तमान में राजस्थान एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे और छात्र राजनीति में रहते हुए राजस्थान विश्वविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष भी रहे। राजस्थान में छात्र आंदोलन, संगठन विस्तार और कैंपस मुद्दों को मुखरता से उठाने के कारण जाखड़ ने संगठन में अपनी अलग पहचान बनाई। हाल ही में विनोद जाखड़ के नेतृत्व में एनएसयूआई राजस्थान की ओर से ‘Epstein Files’ के विरोध में और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के समक्ष आत्मसमर्पण करने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन भी किया था।
राजस्थान कांग्रेस के नेताओं ने इस नियुक्ति पर जाखड़ को बधाई दी हैं। प्रदेश कांग्रेसअध्य गोविंद सिंह डोटासरा ने बधाई देते हुए लिखा है कि AICC द्वारा NSUI राजस्थान के अध्यक्ष विनोद जाखड़ जी को NSUI का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके नेतृत्व में NSUI संगठन अधिक सशक्त होगा और विद्यार्थियों की आवाज़ को नई ऊर्जा मिलेगी। जिस तरह आपने राजस्थान में युवा शक्ति के लिए संघर्ष किया, उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए छात्र हितों की लड़ाई को और मजबूती देंगे।
पूर्व मंत्री और बायतू विधायक हरीश चौधरी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर जाखड़ को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि ये नियुक्ति केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि देशभर के संघर्षशील, जागरूक और परिवर्तन की आकांक्षा रखने वाले विद्यार्थियों की उम्मीदों का सम्मान है। हमें पूर्ण विश्वास है कि आपके ऊर्जावान, संवेदनशील और दूरदर्शी नेतृत्व में एनएसयूआई नए आयाम स्थापित करेगा तथा विद्यार्थियों के अधिकार, शिक्षा की गुणवत्ता और रोजगार के मुद्दों को और अधिक मजबूती से राष्ट्रीय स्तर पर उठाएगा। आपके नेतृत्व में देश की छात्र शक्ति संगठित होकर अन्याय के विरुद्ध आवाज बुलंद करेगी और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करेगी।
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी विनोद जाखड़ को शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप देश की छात्र शक्ति की आवाज को मजबूती से उठाते हुए उनके हक और अधिकारों की लड़ाई पूरी प्रतिबद्धता और क्षमता के साथ लड़ेंगे तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।