बाड़मेर। नगर परिषद में पिछले 15 सालों का वनवास खत्म करते हुए भाजपा ने कांग्रेस की गुटबाजी का फायदा उठाते हुए अपना अध्यक्ष बना लिया है। सोमवार को हुए मतदान में भाजपा के गौतमचंद बॉबी ने 55 में से 35 वोट हासिल कर कांग्रेस प्रत्याशी जयमलसिंह को शिकस्त दी। कांग्रेस को 20 वोट ही मिले। कांग्रेस का एक वोट बीजेपी के खाते में भी गया। जीतने के बाद भाजपा के गौतम बॉबी ने कहा कि शहर का विकास करवाना प्राथमिकता रहेगी, जो कार्य अधूरे हैं उन्हें पूरा करेंगे और नए काम ऐसे लाएंगे जिससे लोग कहें कि भाजपा बोर्ड बना है।
बॉबी ने कहा कि संघर्ष तो किया है, लेकिन ज्यादा संघर्ष नहीं करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि 15 सालों में बाड़मेर शहर के हालात बेहद खराब थे, अब शहर का विकास करेंगे। इधर, सभापति पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी जयमलसिंह ने चुनाव के बाद कहा कि कांग्रेस के 21 वोट में से 20 वोट मिले हैं, एक वोट क्रॉस हुआ है। उन्होंने कहा कि साथ रहकर पार्टी के साथ ऐसा करने वाले के बारे में पार्टी को सोचने की जरूरत है।
सभापति पद के लिए हुए चुनाव के दौरान राज्यमंत्री केके विश्नोई ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा का बोर्ड बनने के साथ 200 दिन की कार्य योजना के साथ शहर का विकास करेंगे।
बाड़मेर नगर परिषद की 55 सीटों में से 29 पर भाजपा, पांच पर निर्दलीय और 21 पर कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। चुनाव में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला। सभापति चुनाव के लिए गौतम बॉबी को भाजपा के अपने 29 पार्षदों के अलावा 5 निर्दलीय और एक कांग्रेस के क्रॉस वोट सहित 35 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के जयमलसिंह को 20 वोट मिले।